खबर शहर , Agra News: आज से आगरा बनेगा कानपुर सुपरस्टार्स का सेलेक्शन हब – INA

आगरा। आगरा का क्रिकेट आज एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। उत्तर प्रदेश टी20 लीग के चौथे संस्करण की फ्रेंचाइजी कानपुर सुपरस्टार्स आज से अपने खिलाड़ियों की पूरी चयन प्रक्रिया का आगाज आगरा में करेगी। खास बात यह है कि पहली बार किसी यूपी टी20 लीग फ्रेंचाइजी ने ट्रायल, फाइनल ट्रायल और प्रैक्टिस मैच- तीनों चरणों के लिए आगरा को चुना है। ऐसे में अगले दो दिन शहर के उभरते क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा को पेशेवर क्रिकेट के मंच तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर साबित होंगे। फ्रेंचाइजी कानपुर सुपरस्टार के प्रतिनिधि शुक्रवार शाम आगरा पहुंच गए।
18 जुलाई को अवंतीबाई लोधी क्रिकेट ग्राउंड पर प्रारंभिक ट्रायल होंगे। इनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 19 जुलाई को होने वाले फाइनल ट्रायल में बुलाया जाएगा। इसके बाद चयनित खिलाड़ियों के बीच प्रैक्टिस मैच भी इसी मैदान पर खेले जाएंगे। इन मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कानपुर सुपरस्टार्स की टीम में शामिल होने का मौका मिलेगा, जो आगामी उत्तर प्रदेश टी20 लीग के चौथे संस्करण में चुनौती पेश करेगी। खिलाड़ियों के पंजीकरण, मैदान की तैयारियों, चयन प्रक्रिया और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
कानपुर सुपरस्टार्स द्वारा ट्रायल, फाइनल ट्रायल और प्रैक्टिस मैचों के लिए आगरा का चयन किया जाना शहर के क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि है। हमारा प्रयास है कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और खिलाड़ियों के लिए सर्वोत्तम सुविधाओं के साथ संपन्न हो। हमें पूरा विश्वास है कि आगरा और आसपास के जिलों के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस अवसर का लाभ उठाकर यूपी टी20 लीग में अपनी जगह बनाएंगे।सर्वेश भटनागर, संयुक्त सचिव, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा