खबर शहर , Agra News: खेरिया मोड़ रेलवे ओवरब्रिज पर एक जून से भारी वाहनों पर रोक – INA

आगरा। खेरिया मोड़ रेलवे ओवरब्रिज पर एक जून से भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। रेलवे ने पुल की जर्जर हालत और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया है। गर्डर लगाकर भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया जाएगा। एक सितंबर से पुल के दो स्पॉन बदलने का काम किया जाएगा। इसके लिए पुल को तीन माह के लिए पूरी तरह बंद किया जाएगा।

आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गाैतम ने बताया कि पुल के गर्डर बुरी तरह जंग खा चुके हैं। डेक स्लैब का कंक्रीट टूटने से सरिया बाहर आ गई हैं, जिससे पुल कमजोर हो गया है। रेलवे की ओर से जिला प्रशासन को पत्र भेजा गया है। इसमें पुल के दो स्पॉन बदलने का काम प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि यह आरओबी सन 1970 में बनाया गया था। माैजूदा समय में ओवरब्रिज काफी पुराना और कमजोर हो चुका है। ऐसे में पुल पर भारी वाहनों का दबाव दुर्घटना का कारण बन सकता है। रेलवे ने पहले यह काम दिसंबर 2025 और बाद में मार्च 2026 में कराने की योजना बनाई थी। हालांकि, अब तक डायवर्जन और सड़क बंद करने की अनुमति नहीं मिल सकी थी। रेलवे ने जिला प्रशासन से एक सितंबर से 90 दिनों के लिए पुल को पूरी तरह से बंद करने की अनुमति मांगी है। इस पुल से यातायात को डायवर्ट कर गुजारा जाए। इससे पुल की मरम्मत का काम किया जा सके।

रोजाना इस मार्ग से तकरीबन 500 से ज्यादा भारी वाहन गुजरते हैं। इनको वैकल्पिक मार्ग मलपुरा- रोहता नहर और ग्वालियर रोड से गुजारा जाएगा। इससे शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी, लोगों को परेशानी नहीं होगी। बता दें कि इस रोड से वाहन एमजी रोड, ग्वालियर रोड, फतेहाबाद रोड, शमसाबाद रोड, आगरा कैंट, रूई की मंडी आदि स्थानों के लिए गुजरते हैं।


Credit By Amar Ujala

Back to top button