खबर शहर , UP: शिव मंदिर पर अतिक्रमण के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना, तीसरे दिन रुद्राभिषेक; ग्रामीणों का बढ़ रहा आक्रोश – INA

द्रोणाचार्य की तपोस्थली कहे जाने वाले कस्बा स्थित प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण में एक भाजपा समर्थित व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण कर रास्ता बंद कर देने तथा मंदिर को दान में मिले प्लॉट के निर्माण पर एसडीएम द्वारा रोक लगा देने से आक्रोशित शिव भक्तों द्वारा श्री सिध्देश्वराय सिद्ध गुफा महादेव सेवा ट्रस्ट के बैनर तले 10 अगस्त से मेन चौराहे पर दिए जा रहे अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा।
धरने में तीसरे दिन धार्मिक सद्भावना बनाए रखने के लिए शिव पार्वती के साथ जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर आदिनाथ के चित्र के सम्मुख शिवलिंग पर प्रशासन और भू माफियाओं की बुद्धि शुद्धि के लिए रुद्राभिषेक किया गया। इधर प्रशासन द्वारा अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से ग्रामीणों में रोष दिनों-दिन बढ़ रहा है। ग्रामीण प्रशासन से समाधान की मांग कर रहे हैं।
धरने पर ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा, राज कुमार दीक्षित अधिवक्ता, दलवीर सिंह अधिवक्ता, अमित दीक्षित अधिवक्ता, विक्रम पाल सिंह, कुलदीप सिंह धाकरे, हरवीर बघेल, शैली गौतम, कुल्ली पंडित, लक्की ठाकुर, भीकम सिंह, रिंकू गौतम, आलोक दीक्षित, देवेश गौतम, संकेत गौतम, गोविन्द वर्मा, रोहित सिंह, मनोज गौतम आदि सैकड़ों शिव भक्त मौजूद थे।
हिन्दू संगठनों के प्रति आक्रोश
धरने का संचालन कर रहे दलबीर सिंह अधिवक्ता ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के हिन्दू संगठन विहिप, बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ क्षेत्र में हिन्दू मंदिरों की रक्षा की दुहाई देते फिरते है। लेकिन यहां प्राचीन शिव मंदिर जो हिन्दू संस्कृति से जुड़ा हुआ मंदिर है उसकी रक्षा के लिए उनका एक भी पदाधिकारी दिखाई नहीं दे रहा है। शिव मंदिर प्रांगण पर अतिक्रमण होने के पीछे भाजपा के फ्रंटल हिन्दू संगठनों का पूरा संरक्षण है।