खबर शहर , UP: सीबीएसई की दूसरी बोर्ड परीक्षा बनी संजीवनी, एक-दो नंबर से अटकी थी मेरिट; छात्रों का बचा एक साल – INA

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की पहली बोर्ड परीक्षा में एक या दो अंक से हजारों छात्रों की मेरिट अच्छी नहीं बनी थी। अब दूसरी बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी होने के बाद ऐसे छात्रों को सफलता मिली है। अब यह विद्यार्थी . 11वीं में प्रवेश ले सकेंगे।
दूसरी बोर्ड परीक्षा के परिणाम में आगरा का 97 प्रतिशत रिजल्ट रहा। इस परीक्षा में करीब 3,000 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें बड़ी संख्या ऐसे छात्रों की थी, जो पहली परीक्षा में एक या दो विषयों में फेल हो गए थे या अपने अंक बढ़ाने के लिए दोबारा परीक्षा में शामिल हुए। सीबीएसई कोऑर्डिनेटर आरके पांडे बताते हैं कि यह व्यवस्था छात्रों को राहत देने वाली साबित हुई है। पहले जहां छात्रों को कंपार्टमेंट के कारण पूरे वर्ष का इंतजार करना पड़ता था, वहीं अब दूसरी बोर्ड परीक्षा के माध्यम से उसी शैक्षणिक सत्र में कमी सुधारने का अवसर मिल रहा है। इससे परीक्षा का तनाव भी कम हुआ है और छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ा है।
सिकंदरा निवासी छात्रा गौरांगी गर्ग ने बताया कि विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान विषय में अंक सुधारने के लिए दूसरी बोर्ड में परीक्षा दी थी। विज्ञान और गणित में अंक नहीं बढ़े लेकिन सामाजिक विज्ञान में 14 अंक बढ़ गए, जिससे कुल परिणाम बेहतर हो गया।
दयालबाग निवासी छात्र प्रद्युम्न चौहान ने बताया कि पहली बोर्ड परीक्षा में विज्ञान व गणित विषय में कंपार्टमेंट आ गया था। इसके बाद दूसरी बोर्ड परीक्षा दी और कंपार्टमेंट क्लियर कर लिया। अब वह 11वीं कक्षा में प्रवेश ले सकेंगे और उनका एक वर्ष खराब होने से बच गया।