वृंदावन के गौरा नगर स्थित एक घर में जा रही रसोई गैस की पाइप लाइन में गैस का रिसाव से होने से हलचल मच गई। गृह स्वामी की सूचना पर पुलिस, दमकल की गाड़ी और गेल की टीम मौके पर पहुंच गई। लाइन लाइन को किया। तब जाकर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
गौरा नगर स्थित माधव गुप्ता के घर के समीप जा रही रसोई गैस की पाइप लाइन में रविवार दोपहर गैस का रिसाव होने लगा। आवाज के साथ गैस के रिसाव से आसपास के लोगों को किसी बड़ी घटना की आशंका होने लगी। माधव गुप्ता ने पुलिस को 112 नंबर पर फोन पर सूचित किया। कुछ ही समय में पुलिस टीम, दमकल की एक गाड़ी और गेल इंडिया की टीम भी मौके पर पहुंच गई। घरेलू रसोई गैस की लाइन डालने और देखभाल करने वाले गेल इंडिया की टीम ने गैस रिसाव वाले पाइप लाइन की आपूर्ति बंद कर खतरे को टाला। इसके बाद आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि गैस रिसाव की सूचना पर संबंधित विभागों को सूचित किया गया। गेल इंडिया की टीम ने लाइन को बंद कर दिया। किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।