OpenAI ऑफिस में जासूसी की कोशिश करने वाला गिरफ्तार:TV के पीछे रिकॉर्डर लगाया था, AI की मदद से सऊदी नागरिक की पहचान- INA NEWS

अमेरिका की AI कंपनी OpenAI के सैन फ्रांसिस्को स्थित ऑफिस में जासूसी की कोशिश का मामला सामने आया है। कंपनी के एक कर्मचारी पर अधिकारियों की गोपनीय बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए कॉन्फ्रेंस रूम में टीवी के पीछे रिकॉर्डिंग डिवाइस छिपाने का आरोप है। कंपनी ने अपने AI मॉडल की मदद से आरोपी की पहचान की, जिसके बाद FBI ने सऊदी नागरिक अब्दुलरहमान अलफोजान को 9 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया। टॉयलेट पेपर में छिपाकर लगाया था रिकॉर्डर OpenAI के मुताबिक, 30 सितंबर को कंपनी के कर्मचारियों को सुरक्षा जांच के दौरान यह डिवाइस मिला था। इसे टीवी के पीछे USB पोर्ट में लगाया गया था। डिवाइस को छिपाने के लिए टॉयलेट पेपर का उपयोग हुआ था। डिवाइस में माइक्रोफोन, कैमरा सेंसर और डेटा स्टोर करने के लिए माइक्रो SD कार्ड था। कंपनी के मुताबिक, इसे 28 सितंबर के आसपास लगाया गया था। डिवाइस में रिकॉर्डिंग लॉक थी, इसलिए जांचकर्ता उसे सुन नहीं पाए। AI चैटबॉट से भी मदद ली थी अमेरिकी जांचकर्ताओं का आरोप है कि अलफोजान ने डिवाइस लगाने की तैयारी पहले से की थी। उसने एक प्रोडक्टिविटी टूल के जरिए कंपनी की इमारतों, मीटिंग रूम, अधिकारियों के आने-जाने के समय और बाहरी साझेदारों के साथ होने वाली बैठकों की जानकारी हासिल की। जांचकर्ताओं के मुताबिक, 24 से 30 सितंबर के बीच उसने अपनी पत्नी से जुड़े AI चैटबॉट अकाउंट का इस्तेमाल कर डिवाइस बनाने, उसे लगाने, ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच करने, छिपाने और दूर से एक्सेस करने के बारे में सवाल पूछे थे। जिस कॉन्फ्रेंस रूम में डिवाइस लगाया गया था, वहां OpenAI के अधिकारी गोपनीय मुद्दों पर चर्चा करते थे। शिकायत के मुताबिक, CCTV फुटेज में अलफोजान कई तारीखों पर उस कमरे के आसपास दिखाई दिया, जबकि उसे वहां जाने या उन बैठकों में शामिल होने की अनुमति नहीं थी। दूसरे कमरे में भी रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला जांचकर्ताओं के मुताबिक, 5 अक्टूबर को CCTV फुटेज में अलफोजान कॉन्फ्रेंस रूम में जाकर टीवी के पीछे देखते हुए नजर आया। उसी दिन उसने एक दूसरे कमरे में अपना बैग छोड़ दिया था। OpenAI के सुरक्षा कर्मचारियों ने बैग की जांच की तो उसमें अलफोजान का वॉलेट, पहचान पत्र और पहले डिवाइस जैसा एक दूसरा एन्क्रिप्टेड रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला। आरोप है कि बाद में अलफोजान ने अपना बैग वापस लिया और शिकायत की कि उसका कुछ सामान गायब है। हालांकि, उसने दूसरे रिकॉर्डिंग डिवाइस का जिक्र नहीं किया। दोष साबित होने पर 5 साल तक की जेल 35 साल के अलफोजान सऊदी अरब के नागरिक हैं और अमेरिका में स्थायी रूप से रहने की अनुमति रखते हैं। वे जुलाई 2025 में OpenAI से जुड़े थे। उन्हें 9 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया और मंगलवार को पहली बार संघीय अदालत में पेश किया गया। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, दोष साबित होने पर उन्हें 5 साल तक की जेल, 2.5 लाख डॉलर (करीब 2.3 करोड़ रुपए) तक का जुर्माना और तीन साल तक निगरानी में रहने की सजा हो सकती है। OpenAI ने नौकरी से निकाला, डेटा चोरी के सबूत नहीं OpenAI ने कहा कि फिलहाल उसे ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे पता चले कि अलफोजान ने कंपनी के AI मॉडल के मूल डेटा, सोर्स कोड या ग्राहकों की जानकारी तक गलत तरीके से पहुंच बनाई या उसे बाहर भेजा। कंपनी ने घटना के बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया। अलफोजान वेंचर कैपिटल फर्म राएद वेंचर्स में भी वेंचर पार्टनर हैं। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, OpenAI में वे इंजीनियरिंग लीड थे और AI एजेंट्स तथा डेटा प्लेटफॉर्म पर काम करते थे। इससे पहले वे मेटा, माईक्रोसॉफ्ट और SAP में भी काम कर चुके हैं। उन्होंने MIT से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। ————————- ये खबर भी पढ़ें… पूर्व बांग्लादेशी एडवाइजर यूनुस को लोगों ने आतंकवादी कहा: न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर घेरा बांग्लादेश के पूर्व चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस को अमेरिका के न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर विरोध का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट पर मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और ‘आतंकवादी’ कहा। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button