गुरुग्राम में रणस्टार टीम ने जीती महिला टी-20 ट्रॉफी:फाइनल में बालभवन टीम को 16 रन से हराया, रिया ने 84 रन बनाए- INA NEWS

गुरुग्राम में आयोजित महिला टी-20 टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर दिल्ली की रण स्टार क्रिकेट एकेडमी की टीम ने कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में रण स्टार क्रिकेट एकेडमी ने दिल्ली की ही बाल भवन क्रिकेट एकेडमी को 16 रनों से हराया। इस टूर्नामेंट में रण स्टार ऐसी टीम रही, जिसने अपना कोई भी मैच नहीं हारा। सेक्टर-99 स्थित एसएल क्रिकेट अकादमी मैदान पर खेले गए फाइनल मैच में रण स्टार क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 150 रन बनाए। टीम की पारी में रिया भाटी गुर्जर ने तूफानी बल्लेबाजी की और मात्र 63 गेंदों पर 84 रन ठोक दिए। रीमा ने भी 32 गेंदों पर 37 रन बनाकर मजबूत साझेदारी निभाई। इन दोनों पारियों की बदौलत रण स्टार की टीम एक चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। जवाब में बाल भवन क्रिकेट एकेडमी की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 134 रन पर सिमट गई। पूर्वा सिवाच की शानदार पारी काम नहीं आई बाल भवन की सलामी बल्लेबाज पूर्वा सिवाच ने शानदार पारी खेली और 43 गेंदों पर 68 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त साथ नहीं मिला। रण स्टार की गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया। WPL और BCCI अंडर-19 के खिलाड़ी पहुंचे खास बात यह रही कि मैदान पर सिर्फ नए चेहरे ही नहीं चमके, बल्कि वे सितारे भी अपनी क्षमता दिखा रहे थे, जिन्होंने वुमेन प्रीमियम लीग (WPL) और BCCI अंडर-19 जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं में पहले ही अपनी छाप छोड़ी है। महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की जरूरत चेयरमैन संजय यादव ने मैच के बाद कहा कि महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की जरूरत है। हमें युवा लड़कियों को समान अवसर देने चाहिए ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें। साथ ही दिव्यांग खिलाड़ियों को भी मुख्यधारा में लाने के लिए विशेष प्रयास किए जाने चाहिए। यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। लड़कियों का आत्मविश्वास बढ़ा कोच उपवन ने कहा कि लगातार अभ्यास और सही रणनीति की वजह से टीम फाइनल तक पहुंची और खिताब जीतने में सफल रही। इस टूर्नामेंट से लड़कियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और आने वाले समय में और बड़ी उपलब्धियां हासिल होंगी। टूर्नामेंट में दिल्ली-हरियाणा की कुल 12 टीमों ने भाग लिया, जिसमें करीब 150 महिला खिलाड़ियां शामिल थीं। दोनों टीमों का हौंसला बढ़ाया इस टूर्नामेंट के आयोजन ने गुरुग्राम को महिला क्रिकेट का एक नया केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। फाइनल मैच के दौरान काफी संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने दोनों टीमों का हौंसला बढ़ाया। बाद में रण स्टार क्रिकेट एकेडमी की इस जीत पर स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों और महिला खिलाड़ियों ने बधाई दी है। आयोजकों ने भविष्य में और बड़े स्तर का टूर्नामेंट आयोजित करने की घोषणा भी की है।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |



