Sports- FIFA WC: ट्रंप अर्जेंटीना बनाम स्पेन विश्वकप फाइनल देखने पहुंचे, कनाडा-मेक्सिको के मेहमानों पर भी फुटबॉल फीवर -#INA

अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फीफा विश्व कप का खिताबी मुकाबले देखने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप न्यू जर्सी स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान उनकी पत्नी मेलानिया और फीफा प्रमुख जियानी इन्फैंटिनो भी स्टेडियम में मौजूद हैं। व्हाइट हाउस ने फाइनल मैच देखने के लिए ट्रंप के आने की पुष्टि कर दी थी। स्टेडियम पहुंचने के बाद ट्रंप ने स्पेन की महारानी लेटिजिया से मुलाकात की। ट्रंप के अलावा कनाडा के पीएम कार्नी और मेक्सिको की राष्ट्रपति शिनबाम भी स्टेडियम में दिखीं।
खिताबी मुकाबला जारी
अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खिताबी मुकाबला जारी है। विश्व कप 2026 के फाइनल में पहले हाइड्रेशन ब्रेक तक स्पेन और अर्जेंटीना के बीच मुकाबला गोलरहित बराबरी पर रहा। शुरुआती 26 मिनट में दोनों टीमों ने गेंद पर अच्छा नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन कोई भी टीम विपक्षी रक्षा पंक्ति को भेदने में सफल नहीं रही। अर्जेंटीना के सेंटर-बैक लिसांड्रो मार्टिनेज को रेफरी ने यलो कार्ड दिखाया। मार्टिनेज ने स्पेन के स्ट्राइकर मिकेल ओयारजाबल को उस समय पीछे से पकड़कर गिरा दिया, जब वह तेजी से गोल की ओर बढ़ रहे थे। इस फाउल के बाद रेफरी ने बिना देर किए उन्हें चेतावनी के तौर पर पीला कार्ड दिखाया। हाफ टाइम तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकीं।
समापन समारोह में सितारों ने बांधा समां
फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में आयोजित भव्य समापन समारोह ने दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों का दिल जीत लिया। कनाडा, मैक्सिको और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित 48 टीमों वाले ऐतिहासिक विश्व कप का समापन संगीत, संस्कृति और मनोरंजन के शानदार संगम के साथ हुआ। समापन समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण अमेरिकी सुपरस्टार पोस्ट मेलोन रहे। उन्होंने अपने धमाकेदार लाइव परफॉर्मेंस से स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और फाइनल मुकाबले के लिए रोमांचक माहौल तैयार किया। इस भव्य कार्यक्रम में हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज ने विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं इटली की मशहूर गायिका एल. पाउसिनी, अमेरिकी सिंगर निकोल शेर्जिंगर, ब्रिटिश पॉप स्टार रॉबी विलियम्स और लोकप्रिय यूट्यूबर एवं कंटेंट क्रिएटर आईशोस्पीड ने भी शानदार प्रस्तुतियां देकर समापन समारोह को यादगार बना दिया।
स्पेन का रॉयल परिवार भी मौजूद
अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खिताबी मुकाबला देखने के लिए स्पेन का रॉयल परिवार भी स्टेडियम पहुंचा। स्पेन के राजा फेलिप VI, रानी लेतिजिया और उनकी बेटियां, प्रिंसेस लियोनोर और प्रिंसेस सोफिया स्पेन टीम का विश्व कप फाइनल मैच देखने पहुंचे। इससे पहले जून में, राजा फेलिप स्पेन और उरुग्वे के बीच ग्रुप स्टेज का मैच देखने मेक्सिको भी गए थे, जहां स्पेन ने उरुग्वे को 1-0 से हराया था। वहीं, कई हॉलीवुड अभिनेता और अभिनेत्री भी खिताबी मैच का लुत्फ उठाने पहुंचे जिसमें हॉलीवुड अभिनेता मैटडेमन और एड्रियन ब्रोडी भी शामिल हैं।