नई दिल्ली. ऐपल ने अपनी नई ऐपल वॉच सीरीज 11 (Apple Watch Series 11) भी पेश कर दी है. इस बार कंपनी ने इसमें कई बड़े बदलाव किए हैं. सबसे खास है 5G कनेक्टिविटी सपोर्ट, जो इसे पहले से ज्यादा एडवांस बनाता है.
नई ऐपल वॉच अब ज्यादा स्लिम डिजाइन में आई है और इसमें हेल्थ फीचर्स भी अपग्रेड किए गए हैं. कंपनी ने इसमें ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग फीचर जोड़ा है, जो दिल की सेहत पर नजर रखने वालों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है. यह पिछले साल आई एप्पल वॉच सीरीज 10 से ज्यादा पावरफुल और स्मार्ट है. ऐपल वॉच सीरीज 11 को 399 डॉलर की कीमत पर लॉन्च किया गया है.
खास बात यह है कि ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग का फीचर ऐपल का पहला बड़ा हेल्थ अपग्रेड है, जिस पर कंपनी लंबे समय से काम कर रही थी. इसके साथ Apple Watch Series 11 एक बार चार्ज करने पर 24 घंटे की बैटरी बैकअप भी देती है, जो इसे और ज्यादा भरोसेमंद बनाता है. यह वॉच अपने पिछले मॉडल Apple Watch Series 10 से ज्यादा स्लिम और हल्की है, जिसे पिछले साल लॉन्च किया गया था.
ऐपल ने iPhone 17 के साथ अपनी सबसे किफायती स्मार्टवॉच Apple Watch SE 3 भी लॉन्च कर दी है. यह वॉच अब पहले से ज्यादा स्मार्ट और हेल्थ-फोकस्ड बन गई है. कंपनी ने इसमें नया S10 चिप लगाया है, जिससे परफॉर्मेंस बेहतर हो गई है. खास बात यह है कि यह वॉच एक बार चार्ज करने पर 18 घंटे तक चलती है और इसमें 5G कनेक्टिविटी का सपोर्ट भी दिया गया है.
Apple Watch SE 3 में कई नए हेल्थ फीचर्स जोड़े गए हैं, जिनमें सबसे अहम है
स्लीप एपनिया नोटिफिकेशन. इसके जरिए यूजर को नींद से जुड़ी समस्याओं की जानकारी मिल सकेगी. इसके अलावा इसमें फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया गया है, जिससे बैटरी कम समय में जल्दी चार्ज हो जाती है. इस मॉडल को एप्पल ने अपने प्रीमियम वॉच सीरीज के मुकाबले ज्यादा किफायती बनाया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे खरीद सकें.
कीमत
ऐपल ने अपनी नई स्मार्टवॉच लाइनअप की कीमतों का ऐलान कर दिया है.
Apple Watch Series 11 की शुरुआती कीमत 399 डॉलर रखी गई है, जबकि सबसे किफायती मॉडल
Apple Watch SE 3 को 249 डॉलर में लॉन्च किया गया है. वहीं, प्रीमियम कैटेगरी में आने वाली
Apple Watch Ultra 3 की कीमत 799 डॉलर तय की गई है.
ये तीनों स्मार्टवॉच मॉडल अमेरिका में 19 सितंबर से सेल के लिए उपलब्ध होंगे. उम्मीद है कि भारत समेत दूसरे देशों में भी इसकी बिक्री जल्दी शुरू होगी, हालांकि कंपनी ने अभी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धता और भारतीय कीमतों का ऐलान नहीं किया है.