Tach – क्या OnePlus धीरे-धीरे हो रहा है खत्म? Oppo के साथ मर्ज की अंदरूनी कहानी, गिरती बिक्री पर रिपोर्ट ने उठाए सवाल

स्मार्टफोन ब्रांड वनप्लस को लेकर हाल ही में एक रिपोर्ट ने टेक इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है. एंड्रॉयड हेडलाइन्स की एक लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, वनप्लस में बड़े लेवल पर इंटरनल बदलाव चल रहे हैं और ब्रांड धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान खोकर ओप्पो के साथ गहराई से मर्ज होता नजर आ रहा है. हालांकि रिपोर्ट यह साफ करती है कि वनप्लस अचानक बंद नहीं हो रहा, बल्कि इसका भविष्य BlackBerry, Nokia या LG जैसे ब्रांड्स की तरह धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है.
रिपोर्ट में वनप्लस के हालिया बिक्री आंकड़ों पर खास जोर दिया गया है. साल 2024 में वनप्लस की ग्लोबल शिपमेंट में 20% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. जहां पहले कंपनी करीब 17 मिलियन स्मार्टफोन बेचती थी, वहीं यह आंकड़ा घटकर 13-14 मिलियन यूनिट रह गया.
भारत में वनप्लस की मार्केट शेयर भी 6.1 प्रतिशत से गिरकर 3.9 प्रतिशत हो गई है. चीन में हालात और भी खराब रहे, जहां इसका शेयर 2 प्रतिशत से घटकर 1.6 प्रतिशत रह गया. इसके उलट Oppo की बिक्री में 2.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, अब वनप्लस के कई अहम फैसले जैसे प्रोडक्ट स्ट्रैटेजी, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और मार्केटिंग ओप्पो के अंडर लिए जा रहे हैं. इससे वनप्लस की इंडिपेंडेंट पहचान कमजोर होती दिख रही है. इसके साथ ही, कंपनी की कई देशों में मौजूदगी भी पहले के मुकाबले कम हो गई है.
हालांकि भारतीय यूज़र्स के लिए राहत की बात ये है कि OnePlus भारत से कहीं नहीं जा रहा. भारत OnePlus का सबसे बड़ा बाजार है और कंपनी की सालाना बिक्री का आधे से ज्यादा हिस्सा यहीं से आता है.
हाल ही में वनप्लस ने भारत में OnePlus 15R और Pad Go 2 जैसे नए प्रोडक्ट लॉन्च किए हैं और बड़े मार्केटिंग कैंपेन भी चलाए हैं. क्रिकेटर जसप्रीत बुमराह और स्मृति मंधाना जैसे सेलिब्रिटीज के साथ ब्रांड एंडोर्समेंट भी जारी हैं.
सबसे अहम सवाल यह है कि मौजूदा वनप्लस यूज़र्स पर इसका क्या असर पड़ेगा. फिलहाल चिंता की कोई बड़ी वजह नहीं है. वनप्लस के स्मार्टफोन्स की वारंटी, सर्विस और सॉफ्टवेयर अपडेट्स जारी रहेंगे. नए मॉडल्स भी डेवलपमेंट में हैं, जिससे साफ है कि ब्रांड पूरी तरह खत्म नहीं हो रहा. कुल मिलाकर, OnePlus में बदलाव जरूर हो रहे हैं, लेकिन भारत में यूज़र्स के लिए फिलहाल स्थिति सुरक्षित नजर आती है.
वनप्लस ने किया साफ…
इन तमाम दावों के बीच OnePlus India ने Android Authority को दिए बयान में साफ किया है कि भारत में कंपनी के ऑपरेशन्स सामान्य रूप से जारी हैं. कंपनी ने किसी भी तरह के ब्रांड शटडाउन या बड़े स्तर पर विंड-डाउन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
Source link









