Technology, Samsung Pay Now: अब नहीं भूलेंगे बिल भरने की आखिरी तारीख, सैमसंग के फोन में आया ‘मेड इन इंडिया’ फीचर — INA

अक्सर हम अपनी रोजमर्रा की भागदौड़ और व्यस्तताओं में इतने उलझ जाते हैं कि बिजली, पानी या क्रेडिट कार्ड का बिल चुकाने की आखिरी तारीख हमारे दिमाग से पूरी तरह निकल जाती है। इसका नतीजा यह होता है कि हमें अपनी जेब से बेवजह की लेट फीस भरनी पड़ती है। लेकिन अब आपको इस फालतू के खर्च और तनाव से परेशान होने की जरूरत नहीं है। दक्षिण कोरियाई टेक दिग्गज सैमसंग (Samsung) ने अपने लेटेस्ट फोल्डेबल स्मार्टफोन्स में एक ऐसा स्मार्ट फीचर पेश किया है, जो आपकी इस रोजमर्रा की परेशानी को जड़ से खत्म कर देगा।
Samsung Pay Now: बिल भरने की टेंशन होगी खत्म
सैमसंग ने ‘पे नाउ’ (Pay Now) फीचर को अपने वॉलेट (Samsung Pay) में जोड़ा है। ये फीचर यूजर्स को बिल पेमेंट रिमाइंडर भेजने का काम करता है, ताकि समय पर उनका भुगतान हो सके। इस फीचर को भारत में मौजूद सैमसंग की रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) टीम ने खास तौर पर भारतीयों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए तैयार किया है। पे नाउ को ‘सैमसंग वॉलेट’ और ‘नाउ ब्रीफ’ से जोड़ा गया है ताकि आप आसानी से बिल की पेमेंट कर सकें।
डेडलाइन भूले तो फोन दिलाएगा याद
- पे नाउ का सबसे उपयोगी और खास फीचर इसका रिमाइंडर सिस्टम है। जैसे ही आपके बिल भरने की तारीख नजदीक आएगी, यह आपकी स्क्रीन पर एक रिमाइंड देगा और बिना किसी थर्ड-पार्टी एप को खोले, आप बस एक क्लिक में अपना पेमेंट सुरक्षित तरीके से पूरा कर सकेंगे। फिलहाल, यह शानदार सुविधा एक्सक्लूसिव तौर पर सिर्फ भारतीय ग्राहकों के लिए ही जारी की गई है।
- यानी यह फीचर उन लोगों के लिए खास तौर पर उपयोगी हो सकता है, जो काम की व्यस्तता के कारण अक्सर बिल की ड्यू डेट भूल जाते हैं और बाद में उन्हें लेट फाइन भरना पड़ता है।
72 घंटों में बिके 2.50 लाख से ज्यादा फोन!
सैमसंग ने हाल ही में बाजार में अपनी नई फोल्डेबल सीरीज Galaxy Z Fold8 Ultra, Galaxy Z Fold8 और Galaxy Z Flip8 उतारी है। इन प्रीमियम स्मार्टफोन्स को लेकर ग्राहकों में ऐसा गजब का उत्साह देखने को मिला कि लॉन्च के महज 72 घंटों के भीतर ही 2.71 लाख से ज्यादा की बंपर प्री-बुकिंग का आंकड़ा पार हो गया।
छोटे शहरों के भी बंपर डिमांड
सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह रही कि लाख-डेढ़ लाख रुपये वाले इन महंगे स्मार्टफोन्स की असली डिमांड सिर्फ मेट्रो शहरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश के टियर-2 और टियर-3 शहरों से भी भारी बुकिंग्स आई हैं। यह साफ दर्शाता है कि अब छोटे शहरों के उपभोक्ता भी लेटेस्ट तकनीक और प्रीमियम गैजेट्स पर खुलकर खर्च कर रहे हैं।
सैमसंग का मेड-इन-इंडिया इनोवेशन पर फोकस
- सैमसंग भारत को सिर्फ एक बड़े स्मार्टफोन बाजार के तौर पर नहीं देख रहा है। कंपनी यहां लोकल रिसर्च और इनोवेशन को भी बढ़ावा दे रही है। कंपनी के साउथ-वेस्ट एशिया प्रमुख जे.बी. पार्क के मुताबिक, सैमसंग भारत में आईआईटी और स्टार्टअप्स के साथ मिलकर स्थानीय स्तर पर नई तकनीक विकसित करने पर काम कर रहा है।
- भारतीय इंजीनियर अब केवल सैमसंग के ग्लोबल प्रोडक्ट्स के लिए ही सॉफ्टवेयर तैयार नहीं कर रहे, बल्कि देश के यूजर्स की रोजमर्रा की जरूरतों को समझकर नए फीचर्स भी विकसित कर रहे हैं।