क्यों और कैसे जमा होती है पोर्ट में गंदगी?
हम रोजाना अपने स्मार्टफोन को जेब, लेडीज बैग या फिर धूल-मिट्टी वाली जगहों पर रखते हैं। इस दौरान पॉकेट और बैग में मौजूद कपड़ों के छोटे-छोटे रेशे और धूल के कण धीरे-धीरे चार्जिंग पोर्ट के अंदर जमा हो जाते हैं। जिसका नतीजा यह निकलता है कि चार्जिंग केबल की पिन पोर्ट के अंदर पूरी तरह फिट नहीं हो पाती। इससे केबल ढीली होने लगती है, चार्जिंग बार-बार कटती है या स्पीड काफी धीमी हो जाती है।
चार्जिंग पोर्ट की सफाई का सही तरीका
अगर आपके फोन के पोर्ट में गंदगी जमा हो गई है, तो नीचे दिए गए सुरक्षित स्टेप्स का पालन करें:
- फोन को पूरी तरह बंद करें: सफाई शुरू करने से पहले चार्जर को निकाल दें और फोन को पूरी तरह पावर ऑफ कर लें।
- टॉर्च से निरीक्षण करें: किसी टॉर्च या तेज लाइट की मदद से पोर्ट के अंदर झांककर देखें। सफाई तभी करें जब अंदर वाकई धूल या रेशे दिखाई दें। यदि पोर्ट साफ है फिर भी चार्जिंग नहीं हो रही, तो खराबी केबल, अडैप्टर या इंटरनल हार्डवेयर में हो सकती है।
- मुलायम ब्रश का प्रयोग: हल्की धूल साफ करने के लिए एक सूखे, बेहद साफ और सॉफ्ट-ब्रिसल वाले ब्रश का इस्तेमाल करें। पोर्ट के बाहरी किनारों को बहुत हल्के हाथों से साफ करें। ध्यान रहे, किसी भी चीज को जोर से अंदर दबाने की कोशिश न करें, इससे अंदर की नाजुक पिन टूट सकती हैं।
क्या नहीं करना चाहिए?
- मेटल या नुकीली चीजें न डालें: सेफ्टी पिन, सुई, पेपर क्लिप या चाकू जैसी धातु की चीजों का इस्तेमाल भूलकर भी न करें। इससे अंदर की पिन मुड़ सकती हैं और शॉर्ट सर्किट होने से पोर्ट पूरी तरह खराब हो सकता है, जिससे भारी खर्च आ सकता है।
- लिक्विड या केमिकल से दूरी: पानी, सैनिटाइजर, परफ्यूम या किसी भी तरह के क्लीनिंग स्प्रे को पोर्ट में कभी न डालें। खुद एपल और सैमसंग जैसे ब्रांड्स खुले हिस्सों में लिक्विड का इस्तेमाल न करने की सलाह देते हैं।
- गीला होने पर चार्जिंग की गलती: यदि फोन में नमी है या स्क्रीन पर Moisture Detected की चेतावनी आ रही है, तो चार्जर बिल्कुल न लगाएं। फोन को पंखे की ठंडी हवा में कुछ घंटों के लिए रख दें। पूरी तरह सूखने के बाद ही केबल कनेक्ट करें।
समस्या बनी रहे तो क्या करें?
- अगर सही सफाई के बावजूद फोन चार्ज नहीं हो रहा, केबल बार-बार सॉकेट से निकल रही है या चार्जिंग बार-बार रुक रही है, तो खुद घर पर बार-बार प्रयोग न करें।
- इसे तुरंत अधिकृत सर्विस सेंटर पर दिखाएं। कई बार समस्या चार्जिंग पोर्ट की न होकर चार्जिंग IC, बैटरी या फिर केबल में खराबी की वजह से भी होती है।
बचाव और देखभाल के जरूरी टिप्स
- 3-6 महीने में जांच: अगर आप फोन को अक्सर जेब में रखते हैं, तो हर तीन से छह महीने में एक बार टॉर्च से पोर्ट की जांच कर लिया करें।
- अनावश्यक छेड़छाड़ से बचें: बिना किसी कारण या जरूरत के पोर्ट के अंदर कुछ भी डालकर सफाई करने की कोशिश न करें। आप इसे जितना कम छेड़ेंगे, इसके खराब होने का जोखिम उतना ही कम रहेगा।