देश में बढ़ती हिंसा की डरावनी तस्वीर, मामूली कहासुनी बनी मौत की वजह; पढ़िए पांच शहरों की दिल दहला देने वाली घटनाएं

देश के अलग-अलग शहरों में छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता गुस्सा अब जानलेवा साबित हो रहा है. गुजरात के मोरबी में ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद में जतिन सोनी की हत्या कर दी गई. वहीं बिहार के भागलपुर में महज 1500 रुपये के बकाया को लेकर टेंट हाउस संचालक चंदन कुमार सिंह को पीट-पीटकर मार डाला गया. जबकि उत्तर प्रदेश के झांसी में नींद में खलल पड़ने से नाराज छोटे भाई ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. इसके अलावा मध्य प्रदेश के भोपाल की एक कॉलोनी में आवारा कुत्तों के विरोध पर विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने दो महिलाओं पर तलवार से हमला कर दिया. वहीं यूपी के मुरादाबाद में बाइक पर हुए झगड़े में दोस्त ने ही सुमित की गर्दन पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. इन घटनाओं ने समाज में बढ़ती असहिष्णुता और गुस्से की खतरनाक प्रवृत्ति को उजागर कर दिया है, जहां मामूली कहासुनी भी हिंसक रूप ले रही है. आइए इन सभी घटनाओं को विस्तार से जानते और समझते हैं. 

गुजरात: ओवरटेकिंग के विवाद में युवक की हत्या

पहली घटना गुजरात के मोरबी जिले की है जहां एक मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया. बता दें कि ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद में जतिन सोनी नाम के युवक की हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि जतिन अपने परिवार के साथ कहीं जा रहे थे, तभी रास्ते में किसी वाहन को ओवरटेक करने की बात पर कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर दो अज्ञात हमलावरों ने जतिन पर हमला कर दिया. हमला इतना गंभीर था कि वह बुरी तरह घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद घायल जतिन को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि इलाज के दौरान जतिन की मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है.

बिहार: बकाया पैसे मांगने पर युवक की हत्या

बिहार के भागलपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. टेंट हाउस का काम करने वाले 31 वर्षीय चंदन कुमार सिंह की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. यह घटना बाथ थाना क्षेत्र के झोझी लखनपुर गांव की है. चंदन की पत्नी सोनम कुमारी के सामने ही उन पर हमला किया गया. पत्नी के अनुसार, गांव के ही चितरंजन कुमार ने कुछ दिन पहले कुर्सियां किराए पर ली थीं, जिनके 1500 रुपये बकाया थे. बुधवार (18 फरवरी) दोपहर जब चंदन पैसे मांगने गए तो आरोपी ने देने से मना कर दिया और गाली-गलौज करने लगा. बात बढ़ने पर उसने लाठी से चंदन के सिर पर वार कर दिया. गिरने के बाद भी आरोपी उन्हें बेरहमी से पीटता रहा. गंभीर रूप से घायल चंदन को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. 

यूपी: नींद में खलल से शुरू हुआ विवाद, भाई की हत्या

अगली घटना यूपी के झांसी जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा की है. यहां छोटे भाई मुसर्रिक बेग ने गुस्से में आकर अपने बड़े भाई तारिक की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. बाद में उसने शव को घर के पीछे गड्ढा खोदकर दफना दिया और पुलिस को गुमशुदगी की झूठी सूचना दे दी. जानकारी के मुताबिक, मुसर्रिक शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है. 10 फरवरी को उसकी मां बाहर गई थी और पत्नी मायके में थी. सुबह बड़े भाई तारिक चाय बनाने नीचे आए और कमरे की कुंडी खटखटाई. इससे मुसर्रिक की नींद खुल गई और दोनों में झगड़ा शुरू हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तारिक ने चाकू उठाया, तभी मुसर्रिक ने कुल्हाड़ी से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई.

एमपी: आवारा कुत्तों को लेकर बढ़ा विवाद, तलवार से हमला

घटना मध्य प्रदेश के भोपाल की है, जहां कांता कॉलोनी में आवारा कुत्तों को लेकर बड़ा विवाद हो गया. डॉग लवर्स ग्रुप और कॉलोनी की महिलाओं के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक हो गया. गुस्से में एक युवक ने दो महिलाओं पर तलवार से हमला कर दिया. घायल महिलाओं वंदना सेन और लक्ष्मी ठाकुर को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, बुधवार (18 फरवरी) को नगर निगम की टीम कॉलोनी से आवारा कुत्तों को पकड़कर ले गई थी. कुत्ते बच्चों और महिलाओं के पीछे दौड़ते थे, जिससे लोग डरे रहते थे. कॉलोनी निवासी अशोक चौहान ने खुद को डॉग लवर बताते हुए टीम का विरोध किया और कुत्तों को छुड़वा लिया. गुरुवार (19 फरवरी) सुबह जब महिलाएं फिर से कुत्तों का विरोध करने लगीं तो बहस शुरू हो गई. इसी दौरान आरोपी तलवार लेकर आया और हमला कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

उत्तर प्रदेश: एक महीने बाद सुलझा ब्लाइंड मर्डर, दोस्त निकला कातिल

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक महीने पहले हुए सुमित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. बता दें कि 11 जनवरी को मुंडापांडे थाना क्षेत्र में सुमित का शव मिला था. हत्या की वजह साफ नहीं होने से मामला पेचीदा बना हुआ था. सीसीटीवी फुटेज और कई सुराग मिलने के बावजूद पुलिस को सफलता नहीं मिल रही थी. बाद में शक सुमित के दोस्त आकाश पर गया, जिससे पूरी सच्चाई सामने आ गई. जांच में पता चला कि 10 जनवरी की शाम सुमित ने आकाश से बाइक पर लिफ्ट ली थी. रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. बताया गया कि सुमित ने मजाक में बाइक हिला दी, जिससे दोनों गिरते-गिरते बचे. इसी बात पर बहस बढ़ गई. गुस्से में आकाश ने बाइक की डिग्गी से स्टील काटने वाला ब्लेड निकाला और सुमित की गर्दन पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. आरोपी आकाश पुलिस को गुमराह करने के लिए परिवार के साथ मिलकर कातिल को खोजने का नाटक करता रहा. लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल ब्लेड और मोबाइल बरामद कर उसे जेल भेज दिया.

यह भी पढ़ें- Crime .: पति ने टीवी की आवाज कम नहीं की तो पत्नी ने कर दिया मर्डर, एक साल पहले ही की थी लव मैरिज

देश में बढ़ती हिंसा की डरावनी तस्वीर, मामूली कहासुनी बनी मौत की वजह; पढ़िए पांच शहरों की दिल दहला देने वाली घटनाएं





देश दुनियां की खबरें पाने के लिए ग्रुप से जुड़ें,

#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on newsnationtv.com, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News