एक संसद सत्र में बिल लाने-पास कराने का चलन बढ़ा:PRS डेटा में दावा- मानसून सत्र में 12 में 11 मंजूर हुए- INA NEWS

संसद में अब तक पेश किए गए आधे से ज्यादा बिल उसी सत्र के दौरान दोनों सदनों से पास हो गए। यह डेटा PRS लेजिस्लेटिव रिसर्च ने जारी किया है। संस्था के सेशनवाइज डेटा के मुताबिक पिछले एक साल में यह ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। 18वीं लोकसभा के गठन के बाद से अब तक 64 बिल पेश किए गए। इनमें से 34 यानी 53% बिल उसी सत्र में लोकसभा और राज्यसभा से पास हुए। 16वीं लोकसभा में 189 में से 63 बिल यानी 33% उसी सत्र में पास हुए थे। 17वीं लोकसभा में यह आंकड़ा करीब दोगुना होकर 62% हो गया था। उस दौरान पेश किए गए 190 बिलों में से 117 उसी सत्र में पास हुए थे। 18वीं लोकसभा के सत्रों में बिल पास होने का आंकड़ा PRS के रिकॉर्ड के मुताबिक, 18वीं लोकसभा की शुरुआत में उसी सत्र में बिल पास होने की रफ्तार कम थी। PRS संसद और राज्य विधानसभाओं के कामकाज पर रिसर्च और निगरानी करने वाला स्वतंत्र, गैर-लाभकारी संगठन है। 2026 के बजट सत्र में पेश किए गए 10 में से 5 बिल दोनों सदनों से उसी सत्र में पास हुए। 13 अगस्त को खत्म हुए मानसून सत्र में यह ट्रेंड सबसे ज्यादा दिखा। इस सत्र में पेश किए गए 12 में से 11 बिल सत्र खत्म होने से पहले पास हो गए। एकमात्र लंबित बिल इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट बिल, 2026 है। सरकार के मूल एजेंडे में 5 नए बिल थे सरकार के मूल विधायी एजेंडे में 5 नए बिल पेश कर उन्हें पास कराने और 2 लंबित बिलों पर विचार कर उन्हें पास कराने की योजना थी। हालांकि, संसद से पास हुए 11 बिलों में से 6 मूल एजेंडे में पेश करने के लिए शामिल नहीं थे। सरकार के एजेंडे में विचार और पास कराने के लिए शामिल दो लंबित बिलों में से कोई भी पास नहीं हुआ। ये बिल विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान (VBSA) बिल, 2025 और फॉरेन कॉन्ट्रिब्यूशन (रेगुलेशन) अमेंडमेंट (FCRA) बिल, 2026 हैं। VBSA बिल की जांच कर रही संसदीय समिति ने अभी तक अपनी रिपोर्ट पेश नहीं की है। वहीं, विपक्ष की ओर से बिल वापस लेने की मांग के बीच FCRA अमेंडमेंट बिल को संसद की संयुक्त समिति के पास भेजा गया है। PRS ने कम समय में बिल पास होने पर चिंता जताई PRS पहले भी कह चुका है कि बिल पेश होने और पास होने के बीच कम समय रहने से सांसदों को प्रस्तावित कानून की जांच के लिए कम समय मिलता है। इससे संबंधित पक्षों के साथ सलाह-मशविरा करने के मौके भी कम हो जाते हैं। मानसून सत्र में कई बिलों पर हुई चर्चा में लगा समय इस चिंता से जुड़ा है। PRS के मुताबिक, 9 बिल ऐसे पास हुए जिन पर उन्हें पेश करने वाले मंत्री के अलावा किसी सांसद ने बात नहीं की। 11 में से 7 बिल 5 मिनट या उससे कम समय में पास हो गए। 2024 से 2025 में बदला बिल पास होने का पैटर्न 2024 के बजट सत्र में पेश किए गए 11 में से एक भी बिल उसी सत्र में दोनों सदनों से पास नहीं हुआ था। इसके बाद के शीतकालीन सत्र में पेश किए गए 4 बिल भी सत्र खत्म होने तक लंबित रहे। शीतकालीन सत्र 2024 में संसद से पास होने वाला एकमात्र बिल भारतीय वायुयान विधेयक, 2024 था। इसे पिछले बजट सत्र में पेश किया गया था। 2025 से यह पैटर्न बदल गया। 2025 के बजट सत्र में पेश किए गए 5 बिलों में से 3 उसी सत्र में पास हुए। 2025 के मानसून सत्र में पेश किए गए 13 में से 8 बिल उसी सत्र में पास हुए। बाकी 5 बिल संसदीय समितियों के पास भेजे गए। 2025 के शीतकालीन सत्र में यह अनुपात और बढ़ा। इस सत्र में पेश किए गए 9 में से 7 बिल पास हुए, जबकि बाकी 2 बिल समितियों के पास भेजे गए। मानसून सत्र में दोनों सदनों का कामकाज इस साल का मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चला। इसमें 19 बैठकें हुईं। NEET-UG पेपर लीक, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और अयोध्या में राम मंदिर को मिले दान की कथित चोरी के मुद्दों पर बार-बार हंगामा हुआ। PRS के मुताबिक, लोकसभा ने तय समय का केवल 15% और राज्यसभा ने 33% समय काम किया। लोकसभा में प्रश्नकाल तय समय का सिर्फ 1% और राज्यसभा में 12% चला। पूरे सत्र में लोकसभा का प्रश्नकाल केवल 9 मिनट हुआ। 380 सूचीबद्ध सवालों में से सिर्फ 2 का मौखिक जवाब दिया गया।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button