यूपी – कानपुर में दर्दनाक हादसा: हाईवे पर पंचर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर बाइक सवार मामा-भांजे की मौत – INA

सचेंडी में कानपुर-इटावा नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम पंचर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। वह दोनों भौंती स्थित फैक्टरी से ड्यूटी के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। बता दें हाल ही में महाराजपुर में भी हाईवे किनारे खड़े ट्रक से टकराकर स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों की मौत हो गई थी।
सचेंडी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब सात बजे कानपुर-इटावा नेशनल हाईवे पर अंबेडकर मूर्ति, सैय्यद बाबा मजार के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत पंचर होने के कारण खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पीछे से ट्रॉली में जा घुसी। हमीरपुर के थाना सिसोला के ग्राम बख्छा निवासी मामा सुनील उर्फ सुदामा (21) और फतेहपुर के थाना राधानगर के गांव इंदौली (हाल पता कानपुर देहात के रनियां) निवासी भांजे कृष्णा सोनी (22) की मौत हो गई। फतेहपुर के थाना राधानगर के गांव इंदौली निवासी राकेश सोनी प्राइवेट नौकरी करते हैं। वह बीते 10 वर्षों से कानपुर देहात के रनियां में किराये का कमरा लेकर रह रहे हैं।