ट्रम्प का व्हाइट हाउस में चीनी राष्ट्रपति को स्टेट डिनर:पत्नी मेलानिया ने मेन्यू तैयार किया; जंगली मशरूम का सूप, तिल लगी मछली परोसी- INA NEWS

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के सम्मान में व्हाइट हाउस में स्टेट डिनर आयोजित किया। डिनर की शुरुआत पीले स्क्वैश से बने गाढ़े सूप से हुई। इसमें जंगली मशरूम, हरी जड़ी-बूटियां, कुरकुरे किए गए पैनसेटा के टुकड़े और हरे प्याज के तेल की परत डाली गई थी। इसके बाद तिल की परत वाली सी-बास मछली परोसी गई। इसके साथ बोक चॉय नाम की हरी सब्जी, भुना हुआ बैंगन और हरी चटनी दी गई। बोक चॉय चीन में काफी खाई जाने वाली सब्जी है, जो देखने में छोटी पत्तागोभी जैसी होती है। मिठाई में वनीला फ्लेवर की नरम क्रीम, खट्टी चेरी और अखरोट से बनी मिठाई के साथ आइसक्रीम परोसी गई। इस आइसक्रीम में व्हाइट हाउस में तैयार किया गया शहद इस्तेमाल किया गया था। स्टेट डिनर से जुड़ी 4 तस्वीरें… ट्रम्प बोले- अमेरिका और चीन के रिश्ते पहले से बेहतर डिनर के दौरान ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और चीन की राजनीतिक व्यवस्थाएं अलग हैं, लेकिन दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते पहले से बेहतर हैं। ट्रम्प ने अपने बीजिंग दौरे को याद करते हुए कहा कि चीन में उनका जिस गर्मजोशी से स्वागत हुआ था, अब अमेरिका भी जिनपिंग को वैसा ही सम्मान देना चाहता है। इस दौरान ट्रम्प ने जिनपिंग को अमेरिका के राष्ट्रीय पक्षी बाल्ड ईगल का करीब 3 फीट ऊंचा स्टैच्यू भी तोहफे में दिया। उन्होंने कहा कि यह अमेरिका की आजाद और ऊंची उड़ान भरने वाली भावना का प्रतीक है। डिनर में टेक जगत के बड़े नाम भी पहुंचे स्टेट डिनर में अमेरिका के टेक और बिजनेस जगत के कई बड़े चेहरे भी शामिल हुए। इनमें अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस, टेस्ला और स्पेसएक्स के एलन मस्क, गूगल के सुंदर पिचाई, ओपन-AI के सैम ऑल्टमैन और ग्रेग ब्रॉकमैन, एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग और डेल टेक्नोलॉजीज के माइकल डेल शामिल थे। सैम ऑल्टमैन व्हाइट हाउस पहुंचने पर लोगों को ऑटोग्राफ देते नजर आए। वहीं जेन्सेन हुआंग अपने आम काले लेदर जैकेट के बजाय टक्सीडो पहनकर पहुंचे। ट्रम्प-जिनपिंग ने व्हाइट हाउस में 2 घंटे मीटिंग की स्टेट डिनर से पहले ट्रम्प और जिनपिंग ने व्हाइट हाउस में करीब 2 घंटे मीटिंग की। यह तय समय से 1 घंटे ज्यादा चली। बंद कमरे में हुई इस बैठक में AI, व्यापार, सुरक्षा और अमेरिका-चीन के रिश्तों जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रम्प ने जिनपिंग के साथ अपने निजी रिश्ते पर जोर दिया। उन्होंने दोनों नेताओं की दोस्ती को सच्ची और गहरी बताया। वहीं, जिनपिंग ने निजी रिश्तों के बजाय दोनों देशों के बीच लंबे समय के संबंधों और आपसी हितों पर ज्यादा जोर दिया जिनपिंग का अमेरिका दौरा, 4 तस्वीरें… ट्रम्प-जिनपिंग की मुलाकात से जुड़ीं 4 अहम बातें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सबसे अहम मुद्दा AI इस बैठक के अहम मुद्दों में रहा। ट्रम्प ने इसे सुपरइंटेलिजेंस कहा। उन्होंने कहा कि आज इन क्षेत्रों में लिए गए फैसलों का असर आने वाले कई दशकों तक रहेगा। जिनपिंग ने AI को लेकर कहा कि यह हमेशा इंसानों के नियंत्रण में रहना चाहिए। दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता 2 महीने बढ़ा अमेरिका और चीन के बीच चल रहे व्यापार समझौते को दो महीने और बढ़ाकर 10 जनवरी तक कर दिया गया है। यह समझौता पहले 10 नवंबर को खत्म होना था। जिनपिंग ने 1 लाख अमेरिकी छात्रों को चीन बुलाया जिनपिंग ने अगले 5 साल में 1 लाख अमेरिकी छात्रों को चीन आने का न्योता भी दिया। जिनपिंग ने यह भी कहा कि चीन अमेरिकी कंपनियों के लिए अपना बाजार खुला रखेगा और उम्मीद करता है कि अमेरिका में चीनी कंपनियों के साथ भी निष्पक्ष व्यवहार किया जाएगा। ट्रम्प ने जिनपिंग को व्हाइट हाउस का निर्माण दिखाया बैठक के दौरान ट्रम्प ने जिनपिंग को व्हाइट हाउस में बन रहे नए बॉलरूम और हेलिपैड का काम भी दिखाया। ट्रम्प ने जिनपिंग को ‘ग्रेनाइट एक्सपर्ट’ बताया और कहा कि उन्हें अच्छा ग्रेनाइट पसंद है। अमेरिकी मीडिया की एंट्री पर विवाद जिनपिंग की अमेरिका यात्रा के दौरान व्हाइट हाउस और अमेरिकी मीडिया के बीच भी विवाद देखने को मिला। ट्रम्प प्रशासन ने CNN, MS NOW और पॉलिटिको के पत्रकारों को व्हाइट हाउस में एंट्री पर रोक लगा दी थी। इसके बाद कोर्ट ने इनकी व्हाइट हाउस में एंट्री बहाल करने का आदेश दिया। इसके बावजूद अगले दिन पत्रकारों को दोबारा अंदर जाने से रोक दिया गया। कई कोशिशों के बाद दोपहर करीब 12 बजे उन्हें व्हाइट हाउस में प्रवेश मिला। मीडिया की एंट्री को लेकर हुए इस विवाद का असर ट्रम्प-जिनपिंग की मुलाकात की टीवी कवरेज पर भी पड़ा। अमेरिका के कई बड़े टीवी नेटवर्क ने दोनों नेताओं की शुरुआती मुलाकात का लाइव प्रसारण नहीं किया। इसी दौरान ओवल ऑफिस में ट्रम्प ने चीनी पत्रकारों को लेकर मजाक करते हुए कहा कि चीन की मीडिया सबसे दोस्ताना है।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button