यूपी – Aligarh: चंडौस में रिफाइंड-रसायनों से पनीर बनाने वाले ठिकानों पर एफडीए का छापा, 22 नमूने लिए, एक एफआईआर दर्ज – INA

रिफाइड-रसायन व स्किम्ड दूध से नकली-मिलावटी पनीर बना रही चंडौस के गांव सुदेशपुर व शहजपुरा की आधा दर्जन डेरियों पर शुक्रवार को एफडीए की टीमों ने छापा मारा। एनसीआर में माल की सप्लाई देने वाले इन ठिकानों से भारी मात्रा में नकली-मिलावटी माल नष्ट कराया गया। लखनऊ, नोएडा और अलीगढ़ की संयुक्त टीमों ने यह कार्रवाई करते हुए कुल 22 नमूने लिए हैं। साथ में एक डेयरी संचालक व कुछ अज्ञातों पर एफआईआर कराते हुए काफी माल थाने में रखवाया गया है। संचालक के बेटे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के गांव सुदेशपुर व शहजपुरा में काफी समय से डेयरियां संचालित हैं, जिन पर नकली-मिलावटी माल बनने व अपने जिले के साथ-साथ दिल्ली एनसीआर तक माल भेजे जाने की शिकायतें मिलती रहती हैं। कुछ समय पहले कार्रवाई के बाद से यहां काम बंद थे। मगर अब फिर से शुरू हो गए। इन्हीं शिकायतों के क्रम में शुक्रवार सुबह लखनऊ से आए सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय सर्वेश मिश्रा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नोएडा मुकेश कुमार के साथ सुदेशपुर पहुंच गए।
दोपहर करीब 12 बजे अलीगढ़ से खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवदास सिंह, आशीष गंगवार, परमवीर सिंह, त्रिभुवन नारायण की टीम भी बुला ली गई। इस टीम ने बरकत अली की पनीर बनाने वाली डेयरी पर छापा मारा। यहां से 13 टीन रिफाइंड, पॉम ऑयल, 10 किलो रसायन पाउडर और एसेंस जब्त किए गए। 40 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर, 12 लीटर अंगूर का कल्चर, मिश्रित दूध और पनीर के भी नमूने लिए गए। इस निर्माणशाला से कुल नौ नमूने संग्रहीत किए गए।