यूपी – UP: दरोगा हप्पू सिंह भी अलग बुंदेलखंड राज्य के समर्थन में उतरे, वीडियो जारी कर PM से की ये अपील – INA

बुंदेलखंड अलग राज्य निर्माण की मांग को लेकर चल रही मुहिम के समर्थन में छोटे पर्दे के मशहूर कलाकार योगेश त्रिपाठी भी उतर आए हैं। दरोगा हप्पू सिंह के नाम से विख्यात योगेश त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बुंदेलखंड को अलग राज्य का दर्जा देने की मांग की है।

बुंदेलखंड के जनपद हमीरपुर के कस्बा राठ निवासी योगेश त्रिपाठी भाभी जी घर पर हैं और हप्पू की उल्टन पलटन सीरियल में दरोगा हप्पू सिंह के किरदार से घर-घर में चर्चित हैं। उन्होंने भाजपा नेता व पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत की ओर से अलग बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर चलाई जा रही मुहिम का समर्थन किया है। इससे अलग राज्य बनाने की मांग अब और जोर पकड़ गई है। इस मांग को मनोरंजन जगत का भी साथ मिला है।

छोटे पर्दे के मशहूर कलाकार योगेश त्रिपाठी ने सोशल मीडिया में वीडियो जारी कर अपनी सफलता का श्रेय बुंदेलखंड की माटी व यहां की बोली को दिया है। बताया कि उन्हें देश-दुनिया में जो प्यार मिल रहा है, वह बुंदेलखंडी भाषा और संस्कृति की मिठास की वजह से है। वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हाथ जोड़कर विनती करते हुए कह रहे हैं कि यदि प्रधानमंत्री बुंदेलखंड को अलग राज्य का दर्जा देते हैं तो पूरा बुंदेलखंड उनका ऋणी व आभारी रहेगा।


Credit By Amar Ujala

Back to top button