UP News: काशी के रेल यात्रियों की बल्ले-बल्ले! आज से शुरू होंगी 3 नई ट्रेन, दिल्ली के लिए मिलेगी ‘वंदे भारत स्लीपर’ – INA

Indian Railways News: काशी और आसपास के इलाकों में रहने वाले रेल यात्रियों के लिए 31 अक्टूबर का दिन खास होने जा रहा है. वाराणसी को एक साथ तीन नई रेल सुविधाएं मिलने जा रही हैं. इनमें वाराणसी से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच चार जोड़ी मेमू ट्रेनें और बनारस से प्रयागराज रामबाग के बीच नई ट्रेन सेवा शामिल है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बनारस रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में इन सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.

इन तीनों सेवाओं के शुरू होने से लंबी दूरी के साथ-साथ आसपास के शहरों और कस्बों तक रेल से पहुंचना आसान होगा. दिल्ली जाने वाले यात्रियों को रात में सफर कर सुबह पहुंचने की सुविधा मिलेगी. वहीं, वाराणसी के स्थानीय यात्रियों और प्रयागराज आने-जाने वालों को भी नया विकल्प मिलेगा.

रात में सफर कर सुबह दिल्ली पहुंचेंगे यात्री

वाराणसी और नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को रात्रिकालीन सफर का नया विकल्प मिलेगा. यह ट्रेन रात में वाराणसी से रवाना होगी और सुबह दिल्ली पहुंचाएगी. इससे नौकरी, कारोबार और दूसरे जरूरी कामों के लिए दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सहूलियत होगी. ट्रेन संख्या 27421 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर रात 8:50 बजे बनारस से रवाना होगी. अगले दिन सुबह 6:10 बजे यह नई दिल्ली पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 27422 नई दिल्ली-वाराणसी रात 9:40 बजे दिल्ली से चलेगी और अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी.

रास्ते में इस ट्रेन का ठहराव प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में होगा. ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी. वाराणसी से इसका संचालन सोमवार, मंगलवार, बुधवार, बृहस्पतिवार, शनिवार और रविवार को होगा. वहीं, दिल्ली से यह सोमवार, मंगलवार, बुधवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी.

16 कोच और 823 बर्थ की होगी सुविधा

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लंबी दूरी की रात की यात्रा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसमें कुल 16 कोच होंगे और यात्रियों के लिए 823 बर्थ उपलब्ध रहेंगी. ट्रेन में प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी के वातानुकूलित कोच लगाए गए हैं. इस ट्रेन में आरामदायक बर्थ के साथ शोर और कंपन कम करने की व्यवस्था की गई है. तापरोधी तकनीक के कारण यात्रियों को सफर के दौरान बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें- इन शहरों को जल्द मिल सकती है स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की सौगात, ये रहा पूरा रूट

ट्रेन की अधिकतम परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है. सुरक्षा के लिए इसमें आधुनिक अग्नि सुरक्षा प्रणाली, ट्रेन प्रबंधन सिस्टम और इंटेलिजेंट डायग्नोस्टिक्स जैसी सुविधाएं दी गई हैं. ऊर्जा की बचत के लिए रीजेनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. यह ट्रेन मेक इन इंडिया पहल के तहत बनाई गई है.

वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच चलेंगी 4 जोड़ी मेमू

वाराणसी के स्थानीय यात्रियों को भी नई रेल सुविधा मिलने जा रही है. वाराणसी सिटी और राजातालाब के बीच चार जोड़ी मेमू ट्रेनें शुरू की जाएंगी. इस सेवा से शहर के पश्चिमी हिस्से और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आने-जाने में आसानी होगी. इन मेमू ट्रेनों में 12 कोच होंगे. रास्ते में वाराणसी जंक्शन, बनारस, भुलनपुर और हरदत्तपुर स्टेशनों पर इनका ठहराव होगा.

इस सेवा से रोजाना नौकरी और कारोबार के लिए यात्रा करने वाले लोगों के साथ छात्रों, मरीजों और पर्यटकों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है. राजातालाब से रिंग रोड के रास्ते अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक पहुंचना भी यात्रियों के लिए आसान हो सकेगा. रेलवे को उम्मीद है कि इस सेवा से सड़क पर वाहनों का दबाव कम करने और जाम की समस्या घटाने में मदद मिलेगी.

बनारस से प्रयागराज रामबाग के बीच भी नई ट्रेन

वाराणसी और प्रयागराज के बीच सफर करने वाले यात्रियों को भी नई ट्रेन सेवा की सुविधा मिलेगी. बनारस से प्रयागराज रामबाग के बीच शुरू होने वाली यह ट्रेन दोनों शहरों के बीच आवागमन को आसान बनाएगी. इस सेवा से पढ़ाई, नौकरी, कारोबार और दूसरे जरूरी कामों के लिए प्रयागराज जाने वाले लोगों को फायदा होगा. प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, यात्री सुबह वाराणसी से ट्रेन पकड़कर प्रयागराज पहुंच सकेंगे और दिनभर अपने काम निपटाने के बाद शाम को वापस लौट सकेंगे.

इस यात्रा में करीब ढाई घंटे लगने की बात कही गई है. इस ट्रेन का लाभ छात्रों, व्यापारियों, किसानों, पर्यटकों और मुकदमों की पैरवी के लिए प्रयागराज जाने वाले लोगों को भी मिल सकेगा. दोनों शहरों के बीच यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए इस सेवा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

एक साथ तीन सेवाओं से मजबूत होगी काशी की रेल कनेक्टिविटी

वाराणसी से दिल्ली के लिए वंदे भारत स्लीपर, वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच मेमू और बनारस से प्रयागराज रामबाग के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू होने से काशी के रेल नेटवर्क को मजबूती मिलेगी. इन सेवाओं से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ स्थानीय और अंतरजनपदीय यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है. एक तरफ दिल्ली के लिए रात में आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा तो दूसरी तरफ वाराणसी और आसपास के इलाकों में रेल से आना-जाना आसान होगा.

काशी के रेल यात्रियों की बल्ले-बल्ले! आज से शुरू होंगी 3 नई ट्रेन, दिल्ली के लिए मिलेगी ‘वंदे भारत स्लीपर’


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button