UP News: ग्रेटर नोएडा: ‘जा तू बांझ-विधवा हो जाएगी…’ पुजारी ने दिया श्राप तो गुस्से में युवक ने जमीन पर गिराकर पीटा – INA

Greater Noida priest assault: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक मंदिर के पुजारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि पुजारी ने गांव की एक महिला को बांझ और विधवा होने का श्राप दिया था. महिला ने घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी तो एक युवक गुस्से में मंदिर पहुंच गया. वहां पुजारी के साथ पहले बहस और गाली-गलौज हुई, फिर युवक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
यह घटना ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर निलौनी गांव की है. पुलिस के मुताबिक, मारपीट की घटना रविवार को हुई थी. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक मंदिर के पुजारी से बहस करता दिखाई दे रहा है. इसके बाद वह पुजारी को जमीन पर गिराकर थप्पड़ मारने लगता है. इसी दौरान मौके पर कुछ लोग पहुंचते हैं और बीच-बचाव कर पुजारी को बचाते हैं.
महिला को श्राप देने की बात पर भड़का युवक
शाहपुर निलौनी गांव की रहने वाली एक महिला मंदिर गई थी. आरोप है कि वहां पुजारी ने उसे बांझ और विधवा होने का श्राप दे दिया. महिला जब मंदिर से घर लौटी तो उसने अपने परिजनों को इस बारे में बताया. महिला की बात सुनकर राजेश गुस्से में आ गया. इसके बाद वह सीधे मंदिर पहुंचा और पुजारी से इस बारे में सवाल करने लगा. देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. पहले कहासुनी हुई और फिर गाली-गलौज शुरू हो गई. आरोप है कि गुस्से में राजेश ने पुजारी के साथ मारपीट की. इस दौरान पुजारी जमीन पर गिर गए, जिसके बाद भी युवक उन्हें थप्पड़ मारता रहा.
बीच-बचाव करने पहुंचे लोग, वीडियो वायरल
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और पुजारी को युवक से बचाया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में युवक को पुजारी के साथ बहस करते और फिर उन्हें जमीन पर गिराकर थप्पड़ मारते देखा जा सकता है. मंगलवार को वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया. घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं. हालांकि, महिला को श्राप देने के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
मामले में रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया. रबूपुरा कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि मंदिर के पुजारी के साथ मारपीट के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस के मुताबिक, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है.
ग्रेटर नोएडा: ‘जा तू बांझ-विधवा हो जाएगी…’ पुजारी ने दिया श्राप तो गुस्से में युवक ने जमीन पर गिराकर पीटा
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,