UP News: फतेहपुर में आधी रात खूनी खेल, ससुराल में सो रहे 5 लोगों पर बांके से हमला; आरोपी दामाद की पिटाई के बाद मौत – INA

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के बीकमपुर गांव में सनसनीखेज घटना सामने आई है. बुधवार देर रात साले और बहनोई के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. आरोप है कि ससुराल पहुंचे पवन विश्वकर्मा ने घर में सो रहे पांच लोगों पर बांके से हमला कर दिया. हमले में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया. इस दौरान हुई मारपीट में पवन भी गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

आशापुर गांव निवासी करीब 50 वर्षीय पवन विश्वकर्मा बुधवार शाम करीब चार बजे अपनी ससुराल बीकमपुर आया था. बताया जा रहा है कि पवन का अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों से काफी समय से विवाद चल रहा था. इसी वजह से दोनों पक्षों के बीच रंजिश की बात सामने आ रही है. बुधवार देर रात मामला अचानक हिंसक हो गया.

रात करीब दो बजे सो रहे लोगों पर हमला

बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे पवन ने कथित तौर पर घर में सो रहे लोगों पर बांके से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई. हमले में प्रदीप (20), राजेश, पुष्पा, राजकरण (22) और गोरे (18) घायल हो गए. घायलों की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पवन को पकड़ लिया.

ग्रामीणों की पिटाई में आरोपी भी गंभीर रूप से घायल

पवन को पकड़ने के बाद ग्रामीणों द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है. इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने पवन समेत सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. बाद में बेहतर उपचार के लिए कुछ घायलों को कानपुर के हैलट अस्पताल भेजे जाने की जानकारी सामने आई.

इलाज के दौरान पवन की मौत

उपचार के दौरान आरोपी पवन विश्वकर्मा की मौत हो गई. उसकी मौत के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच तेज कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ससुराल पक्ष से विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में पवन ने घर में मौजूद लोगों पर हमला किया. इसके साथ ही ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने के बाद हुई मारपीट और पवन की मौत की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई. फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं.

घटना के बाद बीकमपुर गांव में तनाव और दहशत का माहौल है. पुलिस गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है. फिलहाल पुलिस विवाद की वजह, हमले की पूरी परिस्थितियों और पवन की मौत के कारणों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि घायलों के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

फतेहपुर में आधी रात खूनी खेल, ससुराल में सो रहे 5 लोगों पर बांके से हमला; आरोपी दामाद की पिटाई के बाद मौत


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button