UP News: ‘मैं सबसे बड़ा गुंडा हूं’, राजभर का दावा- मेरे दरबारी हैं धनंजय, अभय और बृजेश सिंह – INA

अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है, जिस पर विवाद होना तय है. बांदा के बबेरू में आयोजित जन अधिकार रैली में राजभर ने खुद को देश का सबसे बड़ा गुंडा बता दिया. इतना ही नहीं, उन्होंने अपने दावे के समर्थन में धनंजय सिंह, अभय सिंह और बृजेश सिंह जैसे चर्चित नामों का भी जिक्र किया. राजभर ने कहा कि जिन लोगों को माफिया, बदमाश और गुंडा कहा जाता है, वे सब उनका दरबार करते हैं.
सुभासपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मुख्तार अंसारी का भी नाम लिया. एक तरफ मंत्री का खुद को सबसे बड़ा गुंडा बताना और दूसरी तरफ चर्चित बाहुबलियों को अपना दरबारी बताने का दावा किया. इस बयान ने यूपी की सियासत में नई बहस छेड़ दी है. सवाल है कि आखिर राजभर ने भरी सभा में ऐसा बयान क्यों दिया? क्या यह सिर्फ उनका अंदाज-ए-बयां है या इसके पीछे कोई सियासी संदेश भी है?
मंत्री राजभर का विवादित बयान, बोले- मुझसे बड़ा गुंडा कोई नहीं
बांदा के बबेरू में जन अधिकार रैली का मंच था. भीड़ के सामने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर भाषण दे रहे थे. इसी दौरान उन्होंने ऐसा बयान दिया, जिसने अब राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू कर दी है. राजभर ने कहा कि पूरे देश में उनसे बड़ा गुंडा कोई नहीं है. उन्होंने अपने संबोधन में मुख्तार अंसारी, बृजेश सिंह, धनंजय सिंह और अभय सिंह का नाम लिया. राजभर ने कहा, ‘जिसके यहां मुख्तार अंसारी हों, बृजेश सिंह हों, धनंजय सिंह हों या अभय सिंह जैसे लोग दरबार करते हैं, उससे बड़ा गुंडा भला कौन होगा… हमसे बड़ा गुंडा पूरे देश में कोई नहीं है.’
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आगे चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि बांदा में भी एक बड़ा गुंडा रहता है, लेकिन कोई हमेशा बड़ा नहीं रहता… अगर किसी ने उन्हें आंख दिखाने की कोशिश की तो वह उसकी दूसरी आंख निकालने की हैसियत रखते हैं. ओमप्रकाश राजभर ने अपने बयान में जिन नामों का जिक्र किया, वे उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से चर्चा में रहे हैं.
किसका नाम राजभर ने लिया?
धनंजय सिंह जौनपुर से पूर्व सांसद और पूर्व विधायक रहे हैं. बृजेश सिंह, पूर्वांचल के चर्चित राजनीतिक चेहरों में शामिल हैं और उनकी पत्नी विधान परिषद की सदस्य हैं. अभय सिंह गोसाईगंज से विधायक हैं. वहीं मुख्तार अंसारी को कौन हीं जानता है. राजभर ने इन सभी का नाम लेते हुए दावा किया कि ये लोग उनका दरबार करते हैं. हालांकि, अभी तक धनंजय, बृजेश, अभय सिंह की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं है… वहीं मुख्तार अंसारी का इंतकाल हो चुका है.
बांदा की रैली में सिर्फ गुंडागर्दी की बात नहीं
बबेरू के नवीन मंडी स्थल पर आयोजित जन अधिकार रैली में ओमप्रकाश राजभर मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे. कार्यक्रम में भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद्र प्रजापति समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद थे. राजभर ने अपने भाषण में लोगों से अपनी राजनीतिक पहचान और संगठन को मजबूत करने की अपील की. उन्होंने कहा कि अपना झंडा, अपना डंडा और अपनी पार्टी के लिए काम करना चाहिए.
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने लोगों से दूसरे दलों के झंडे उठाने के बजाय अपने संगठन को आगे बढ़ाने की बात कही. राजभर ने भागीदारी पार्टी के गठन और विस्तार का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि प्रेमचंद्र प्रजापति ने इस पार्टी का गठन किया है और अब इसे उत्तर प्रदेश में विस्तार देने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने दलित, पिछड़े, वंचित और शोषित वर्गों की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा भी उठाया.
‘मैं सबसे बड़ा गुंडा हूं’, राजभर का दावा- मेरे दरबारी हैं धनंजय, अभय और बृजेश सिंह
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,