UP News: मुरादाबाद में भात की खुशियां श्मशान की राख में बदलीं! बेकाबू डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रौंदा… 4 की मौत – INA

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक सड़क हादसे ने शादी के घर की खुशियां छीन लीं. जिले में डींगरपुर-असदपुर रोड पर एक तेज रफ्तार मिट्टी से भरे डंपर ने भात (वैवाहिक रस्म) देकर लौट रहे लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. सड़क हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए और 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें से 14 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. ट्रॉली में कुल 25 लोग सवार थे.
अस्पताल के डॉक्टर राजेंद्र सिंह के मुताबिक, कुल 18 लोग अस्पताल लाए गए थे, जिनमें से कुछ की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है, वहीं कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है. जिला अस्पताल में फिलहाल 10 मरीजों का उपचार चल रहा है, जिनमें से एक को गंभीर सिर की चोट और दूसरे को मल्टीपल फ्रैक्चर है.
हादसे को लेकर मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली डंपर में फंस गई थी, जिसे बाद में जेसीबी की मदद से अलग करना पड़ा. हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया.
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से घायलों को मुरादाबाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया. एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और उचित इलाज के निर्देश दिए हैं. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पीड़ित परिवारों का कहना है कि वे गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं और बागपत से भात की रस्म पूरी कर अपने घर भटोला (संभल) वापस जा रहे थे. तभी रास्ते में इस काल रूपी डंपर ने उनकी पूरी दुनिया उजाड़ दी. प्रशासन अब फरार डंपर चालक की तलाश और कानूनी कार्रवाई में जुटा है.
चंद लम्हों में खुशियां मातम में बदली
हादसे को लेकर प्रत्यक्षदर्शी सुरेश और वेद प्रकाश ने बताया कि वे सभी लगभग 20-25 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर घर लौट रहे थे. सुबह का समय था और अचानक पीछे से आए तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने बिना किसी चेतावनी के सीधे ट्रॉली में टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही लोग सड़क पर बिखर गए और कई लोग डंपर के नीचे आ गए.
घायल वेद प्रकाश ने कहा कि डंपर चालक की रफ्तार बहुत अधिक थी और वह ट्रॉली को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया. ग्रामीण राकेश सिंह ने बताया कि प्रशासन को सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद मदद पहुंची, तब तक स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया था.
घटनास्थल का पुलिस ने किया निरीक्षण
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद डंपर को कब्जे में ले लिया है, हालांकि चालक मौके से भागने में सफल रहा. अस्पताल पहुंचे अधिकारियों ने पीड़ित पक्ष को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है. वहीं, पीड़ित सुरेश और अन्य ग्रामीणों ने सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है. लोगों का कहना है कि वे बेहद गरीब हैं और इस हादसे ने उनके परिवार के कमाऊ सदस्यों को घायल या मृत कर दिया है.
राकेश का कहना है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया तो चल रही है, लेकिन प्राथमिकता इन घायलों के समुचित इलाज और मुआवजे की होनी चाहिए, ताकि इन बेसहारा परिवारों को कुछ सहारा मिल सके. पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.
मुरादाबाद में भात की खुशियां श्मशान की राख में बदलीं! बेकाबू डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रौंदा… 4 की मौत
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,


.jpg?w=220&resize=220,150&ssl=1)