UP News: नैनीताल में की लव मैरिज, बरेली में शाहजहांपुर के कपल ने पार्क में खाया जहर, पिता ने अपहरण का दर्ज कराया था केस – INA

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के एक प्रेमी युगल ने बरेली के गांधी उद्यान में जहरीला पदार्थ खा लिया. पार्क में घूमने आए लोगों ने दोनों को तड़पते देखा तो गार्ड को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया. दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है. शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र के रहने वाले हैं. दोनों घर से निकलकर नैनीताल गए थे, जहां उन्होंने शादी कर ली थी. इसके बाद बरेली पहुंचे और जहरीला पदार्थ खा लिया.

सोमवार शाम करीब पौने सात बजे गांधी उद्यान में लोग सैर कर रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर एक युवक और युवती पर पड़ी, जो अचेत अवस्था में पड़े थे और उनकी हालत बिगड़ रही थी. लोगों ने पार्क के गार्ड को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को बुलाया गया. पुलिस टीम दोनों को पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंची और आईसीयू में भर्ती कराया. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने रास्ते में सल्फास खरीदा था. इसके बाद गांधी उद्यान में बैठकर जहरीला पदार्थ खा लिया. घटना की जानकारी शाहजहांपुर पुलिस और दोनों के परिवारों को दे दी गई.

अलग-अलग जाति होने से शादी के लिए तैयार नहीं थे परिजन

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे. लड़की के पड़ोस में ही उसके प्रेमी की बुआ का घर है. युवक का वहां आना-जाना रहता था. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे. बताया गया कि दोनों अलग-अलग जाति के हैं. इसी वजह से उनके परिवार शादी के लिए तैयार नहीं थे. इसके बाद दोनों घर से निकलकर नैनीताल चले गए और वहां शादी कर ली.

नैनीताल से लौटते समय दोनों ने साथ मरने का फैसला किया. रास्ते में जहरीला पदार्थ खरीदने के बाद बरेली पहुंचकर उसे खा लिया.पुलिस की सूचना पर मजिस्ट्रेट अस्पताल पहुंचे और दोनों के बयान दर्ज किए. लड़की की हालत ऐसी थी कि वह कुछ बोल पा रही थी. उसने अपने बयान में बताया कि परिवार के शादी के लिए तैयार नहीं होने के कारण दोनों ने नैनीताल जाकर शादी की थी. इसके बाद दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया.

लड़की के पिता ने दर्ज कराई थी अपहरण की रिपोर्ट

लड़की के पिता ने बताया कि उनकी बेटी फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में जाने की बात कहकर घर से निकली थी. वह जींस-टॉप पहने हुए थी और हेलमेट लगाकर स्कूटी से गई थी. शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की.इसी दौरान युवक के फूफा लड़की के घर पहुंचे और उसके बारे में पूछताछ की. जब स्कूल में पता किया गया तो जानकारी मिली कि लड़की वहां पहुंची ही नहीं थी. इसके बाद पता चला कि युवक भी घर से गायब है. लड़की के पिता ने युवक और उसके भाई के खिलाफ तिलहर थाने में बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से दोनों परिवार उनकी तलाश कर रहे थे.

दोनों परिवार बरेली पहुंचे, पुलिस कर रही जांच

बरेली में प्रेमी युगल के मिलने और जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में चिंता बढ़ गई. परिजन अस्पताल पहुंचे. शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र की पुलिस टीम भी बरेली आई और मामले की जानकारी जुटाई.अस्पताल में दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें दूसरे अस्पताल में ले जाने की बात सामने आई. इसके बाद पुलिस दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर गई. बाद में युवक के परिवार वाले उसे पीलीभीत रोड स्थित निजी अस्पताल ले गए, जबकि युवती का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है.

सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि युवक और युवती के पास मिले मोबाइल फोन और अन्य सामान के आधार पर उनकी पहचान की गई. दोनों शाहजहांपुर जिले के रहने वाले हैं. लड़की की उम्र करीब साढ़े 17 साल है, जबकि युवक बालिग है. जानकारी जुटाने पर पता चला कि दोनों कुछ दिन पहले अपने घरों से चले गए थे.

नैनीताल में की लव मैरिज, बरेली में शाहजहांपुर के कपल ने पार्क में खाया जहर, पिता ने अपहरण का दर्ज कराया था केस


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button