यूपी – UP: पति की मौत का नहीं था पछतावा, आरोपी पत्नी बोली- साहब जेल भेजने से पहले प्रेमी से करा दो मेरी शादी – INA

शाहजहांपुर के पुवायां क्षेत्र के गांव मजीदपुर के युवक अनूप को आत्महत्या के उकसाने की आरोपी पत्नी मनु और उसके प्रेमी गांव के ही दिलीप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। जेल जाने से पहले आरोपी मनु ने पुलिस से अजब मांग कर दी। उसने कहा कि दिलीप से उसकी शादी करा दी जाए।
मृतक के परिजनों के अनुसार, अनूप कुमार (26 वर्ष) ने 31 जुलाई की दोपहर जहर खा लिया था। एक अगस्त को अनूप ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अनूप के भाई अखिल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि उनकी भाभी मनु गांव के दिलीप से मोबाइल फोन पर बात करती थी और उससे संबंध रखती थी। इससे उनका भाई काफी परेशान रहता था।
अखिल के मुताबिक भाभी और दिलीप के आत्महत्या के लिए उकसाने पर अनूप ने जहर खाकर जान दी है। पुलिस ने सोमवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के बाद चालान कर दिया। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि कोर्ट से मनु और दिलीप को जेल भेज दिया गया है।