खबर शहर , यूपी: कमरे में बंद मिला तड़पता पति, दो बच्चों को लेकर गायब हुई पत्नी; अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा युवक – INA

मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौथियाना में शनिवार शाम एक महिला पति को जहर देने के बाद कमरा बंद कर दो बच्चों को लेकर चली गई। कुछ देर बाद परिजन को जानकारी हुई तो आनन-फानन युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, कोतवाली में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है।


माहल्ला चौथियाना राजा पेंटर वाली गली में निवास कर रहा शिवम दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। तीन भाइयों के साथ एक ही घर में रहता है। पत्नी से अक्सर उसका झगड़ा होता रहता है। शनिवार शाम को जब मां ने कमरे में कुंडी बाहर से बंद देखी तो घबरा कर दरवाजा खोला। अंदर देखा तो बेटा शिवम दर्द से छटपटा रहा था। पत्नी व दोनों बच्चे घर पर नहीं थे। शिवम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सक ने बताया कि युवक ने कोई जहरीला पदार्थ खाया है या खिलाया गया है। जिसके बाद शिवम की मां ने कोतवाली में तहरीर देकर बहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। 

सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में जांच कर सत्यता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


Credit By Amar Ujala

Back to top button