खबर शहर , 15 दिन से सीवर का संकट: 30 फीट नीचे फटी पुरानी लाइन, सेक्टर-3 में काम तेज, जानें कब मिलेगी राहत – INA

आगरा के आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-3 में टूटी सीवर लाइन के कारण कई सेक्टरों में सड़कों और गलियों में सीवर उफना रहा है। ग्वाल पैलेस होटल के सामने 30 फीट नीचे पड़ी पुरानी सीवर लाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण यह समस्या बनी हुई है। करीब 100 फीट तक सीवर लाइन को ट्रेंचलेस तरीके से बदला जा रहा है, जो बृहस्पतिवार तक पूरा हो जाएगा। इस लाइन की मरम्मत के कारण ही सेक्टर-6 डी तक के इलाके में सीवर की समस्या बनी हुई है।
सेक्टर 3 के पार्षद संजू सिकरवार ने बताया कि ग्वाल पैलेस होटल के ठीक सामने 15 दिन पहले सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। सेक्टर चार पुलिस चौकी के सामने धंसी सड़क वाली सीवर लाइन ही एक किमी. . आकर क्षतिग्रस्त हुई है। जलकल विभाग से शिकायत के बाद यहां मरम्मत का काम शुरू किया गया, लेकिन बारिश के कारण देरी हो रही है।
लाइन बदल रही एजेंसी वीए टेक वबाग के प्रोजेक्ट मैनेजर तनवीर शर्मा ने बताया कि यह 30 साल पुरानी लाइन है, जो जगह-जगह से टूट रही है। इसकी लीकेज के कारण कई जगह सड़कें धंस चुकी हैं, जबकि 150 फीट लाइन सेक्टर चार मोड़ पर और करीब 100 फीट लाइन यहां डाली गई है। बृहस्पतिवार से यह लाइन चालू होने की उम्मीद है। यह लाइन शुरू होते ही आवास विकास कॉलोनी में इससे जुड़े इलाकों में सीवर उफनाने की समस्या दूर हो जाएगी।