खबर शहर , Agra: बारिश से सड़कों पर भरा पानी, जगह-जगह फंसे वाहन; पांच मिनट की दूरी तय करने में लगे 30 मिनट – INA

आगरा में बारिश से शुक्रवार को एमजी रोड और हाईवे पर जगह-जगह जलभराव हो गया। वाहनों की रफ्तार थमने के साथ ही कई जगह वाहन फंस गए। स्कूलों की छुट्टी के समय हालात और खराब हो गए। एमजी रोड से हाईवे तक लोगों को 5 मिनट की दूरी तय करने में 30 मिनट लगे।


मोती कटरा रोड पर खिड़की काले खां पुलिस चाैकी के सामने सड़क धंस गई। इससे एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी की तरफ से सिंधी बाजार की ओर जाने वालों को बहुत परेशानी हुई। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी होने पर हरीपर्वत से मदिया कटरा की तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यहां तैनात पुलिसकर्मी भी जाम खत्म नहीं करा सके।

भगवान टाॅकीज चौराहे पर भी खंदारी से आने वाले सर्विस रोड पर वाहन फंस गए। अबुल उलाह दरगाह की तरफ रास्ते पर मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। इससे भी लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। यही हाल हाईवे पर भी रहा। गुरुद्वारा गुरु का ताल के सामने मेट्रो की बैरिकेडिंग से सड़क कम बची है। बारिश में जलभराव की वजह से यहां भी वाहनों की कतारें लगीं। यह स्थिति शाम 7 बजे तक रही।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button