पिनाहट। चंबल नदी पर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाले पांटून पुल को चालू करने की तैयारी शुरू हो गई है। पुल के लीकेज पीपों की वेल्डिंग का काम शुरू करा दिया गया है। वहीं, बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मार्ग को जेसीबी से दुरुस्त कराया गया है। उधर, पुल जल्द चालू कराने की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह पिनाहट के चांदनी चौक क्षेत्र के व्यापारियों ने धरना दिया और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
पीडब्ल्यूडी विभाग आगरा की ओर से चंबल नदी घाट पर हर साल 15 अक्तूबर से 15 जून तक पांटून पुल का संचालन किया जाता है। बरसात में चंबल नदी का जलस्तर बढ़ने पर पुल को हटा दिया जाता है। बीते दिनों मध्य प्रदेश प्रशासन की ओर से संचालित मोटर बोट पर भी रोक लगाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। स्थानीय लोग चाहते हैं कि त्योहारों और बटेश्वर मेले से पहले पुल चालू हो जाए। जल्द संचालन की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह पिनाहट कस्बे के चांदनी चौक क्षेत्र के व्यापारी धरने पर बैठे। इसके बाद व्यापारियों ने थाना प्रभारी वीरेश पाल गिरी को जिला अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। लोक निर्माण विभाग एई हरीश कुमार का कहना है पांटून दुरुस्त कराने का कार्य शुरू करा दिया है।
दो सप्ताह में चालू होने की उम्मीद
पांटून पुल निर्माण की तैयारियों में जुटे ठेकेदार चंद्रसेन तिवारी ने बताया कि अधिकारियों के निर्देशन में काम शुरू करा दिया गया है। बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुए चंबल घाट मार्ग को जेसीबी मशीन से दुरुस्त करा दिया गया है। पुल के लीकेज पीपों की वेल्डिंग का काम भी शुरू हो गया है। पुल को चालू करने में करीब दो सप्ताह का समय लग सकता है। उन्होंने त्योहार से पहले पुल का संचालन शुरू होने की उम्मीद जताई।