दिल्ली में दीवारों पर पोस्टर लगाने वालों पर होगी FIR:दीपावली से पहले सड़कों, बाजारों में सफाई व रोशनी दुरुस्त करने के लिए सीएम का आदेश- INA NEWS

दिल्ली में सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध पोस्टर और बैनर लगाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक के दौरान एमसीडी को डिफेसमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों, चौराहों, फ्लाईओवरों, पिलरों, सरकारी भवनों और बाजारों में लगे अनधिकृत पोस्टर-बैनर तत्काल हटाने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दीपावली से पहले राजधानी की सफाई, स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े सभी काम पूरे किए जाएं। सड़कों, बाजारों और पार्कों में कहीं भी कूड़े के ढेर, गंदगी या अंधेरा नहीं दिखना चाहिए। अफसर खुद फील्ड में उतरकर जांचेंगे व्यवस्था मुख्यमंत्री ने सभी विभागों और संबंधित एजेंसियों के प्रमुखों को खुद फील्ड में उतरकर सफाई और रोशनी की व्यवस्था जांचने के निर्देश दिए। जहां कमियां मिलें, उन्हें तत्काल दूर किया जाए। सड़कों से लेकर पार्कों तक खराब लाइटें ठीक कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की सफाई के बाद दोबारा कूड़ा जमा न हो और अवैध पोस्टरबाजी पर भी लगातार निगरानी रखी जाए। इसके लिए सभी एजेंसियां आपसी समन्वय से काम करें। बैठक में दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों और निकायों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button