दिल्ली में सर्दियों से पहले प्रदूषण पर एमसीडी का एक्शन:धूल नियंत्रण के लिए 167 वॉटर स्प्रिंकलर और 43 एंटी-स्मॉग गन तैनात- INA NEWS

सर्दियों से पहले प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के लिए दिल्ली नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एमसीडी कमिश्नर संजीव खिरवार ने बताया कि निगम की करीब 6,127 किमी लंबी सड़कों की सफाई ऑटोमेटिक मशीनों के साथ करीब 57 हजार सफाई मित्रों की मदद से की जा रही है। धूल से होने वाले पीएम 2.5 प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 167 वॉटर स्प्रिंकलर और 28 मोबाइल एंटी-स्मॉग गन तैनात की गई हैं। इसके अलावा 20 एंटी-स्मॉग गन डंपसाइट, सीएंडडी वेस्ट सुविधाओं और वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांटों में, जबकि 15 गन एमसीडी की ऊंची इमारतों पर लगाई गई हैं। खिरवार ने बताया कि इस साल 1,202 किमी सड़कों का पुनर्निर्माण किया गया है। अप्रैल से अगस्त के बीच 6,797 गड्ढों की मरम्मत भी की गई। 2,900 मीट्रिक टन गाद हटाई 18 मई से शुरू डीप क्लीनिंग ड्राइव के तहत करीब 2,900 मीट्रिक टन गाद हटाई जा चुकी है। एमसीडी की 66 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें रोजाना करीब 180 टन धूल हटाती हैं। 40 अतिरिक्त मशीनों के लिए टेंडर जारी किया गया है, जबकि 70 और मशीनों का प्रस्ताव है। 1,000 लीटर क्षमता वाली पिकर मशीनें भी तैनात करने की योजना है। 46 हॉटस्पॉट पर रखी जाएगी विशेष निगरानी विंटर एक्शन प्लान के तहत संयुक्त प्रवर्तन टीमें कचरा व बायोमास जलाने, निर्माण धूल, अनधिकृत ईंधन के इस्तेमाल और अवैध कचरा डंपिंग पर निगरानी रखेंगी। डीपीसीसी के चिन्हित 46 हॉटस्पॉट पर 11 राजस्व जिलों की विशेष टीमें तैनात हैं। अप्रैल से अगस्त के बीच 4 लाख से अधिक पौधे भी लगाए गए हैं। एमसीडी ने कहा कि सर्दियों में पूरे सीजन लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |