पाकिस्तान के बड़े अफसरों ने विदेश में घर बसाया:रक्षा मंत्री बोले- सरकारी नौकरी के दौरान ही प्लान बना लिया था, पुर्तगाल उनका पसंदीदा ठिकाना- INA NEWS

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने आरोप लगाया है कि देश के कई बड़े सरकारी अधिकारियों ने नौकरी में रहते हुए ही विदेश में बसने का प्लान बना लिया था। उनके मुताबिक, इन अधिकारियों ने कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोप के दूसरे देशों में स्थायी रूप से बसने की तैयारी की थी। पिछले कुछ सालों में पुर्तगाल ऐसे अधिकारियों के लिए पसंदीदा ठिकाना बनकर उभरा है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, आसिफ ने कहा कि विदेश में बसने की योजना बनाने वाले कई अधिकारी सरकार में अहम पदों पर रह चुके हैं। पुर्तगाल में बसाने के नाम पर पाकिस्तानी अफसरों से ठगी ख्वाजा आसिफ ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति पाकिस्तानी सरकारी अधिकारियों को पुर्तगाल में स्थायी निवास (PR) दिलाने में मदद करने का दावा कर रहा था। उसने कई प्रभावशाली अधिकारियों से बड़ी रकम वसूली और फिर फरार हो गया। रक्षा मंत्री के मुताबिक, इस मामले में जिन अधिकारियों के नाम सामने आए हैं, वे अलग-अलग सरकारों में अहम पदों पर रह चुके हैं और प्रभावशाली लोगों से उनके करीबी संबंध रहे हैं। हालांकि, आसिफ ने न तो अधिकारियों के नाम बताए और न ही ठगी की रकम का खुलासा किया। आसिफ ने अधिकारियों की वफादारी पर सवाल उठाए आसिफ ने सवाल उठाया कि सरकारी पदों पर रहते हुए सुविधाएं और सम्मान पाने वाले अधिकारी पाकिस्तान के प्रति कितने वफादार रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों को राजनीतिक नेताओं की नजदीकी के कारण वैध और अवैध तरीकों से संपत्ति जुटाने के मौके भी मिले। उन्होंने सवाल किया कि क्या ऐसे अधिकारी पाकिस्तान को अपना स्थायी घर मानते हैं या फिर विदेश जाने से पहले इसे केवल एक पड़ाव समझते हैं। पूर्व भारतीय सुरक्षा सलाहकार ने भी चिंता जताई पाकिस्तान मामलों के एक्सपर्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के पूर्व सदस्य तिलक देवशर ने भी आसिफ के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पाकिस्तान में कुछ गंभीर रूप से गलत हो रहा है। देवशर ने रक्षा मंत्री के बयान का हवाला देते हुए कहा कि बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारियों ने नौकरी में रहते हुए ही विदेश जाने की तैयारी कर ली थी। उन्होंने पुर्तगाल को पाकिस्तानी नौकरशाहों के विदेश जाने का नया पसंदीदा ठिकाना बताया।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button