यूपी – अपनों के सितम: दहेज के लिए विवाहिता को बेरहमी से पीटा, छत से फेंका, सात साल पहले हुई थी शादी, रिपोर्ट दर्ज – INA

दहेज की मांग पूरी न होने और पति के अवैध संबंधों का विरोध करने पर ससुरालियों ने विवाहिता की बेरहमी से पिटाई की। जान से मारने की नीयत से छत से नीचे फेंक दिया, जिसमें उसका हाथ और रीढ़ की हड्डी टूट गई। पुलिस के कार्रवाई न करने पर विवाहिता के पिता ने कोर्ट में न्याय की गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रविवार को पति समेत छह नामजद और दो अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की।
सदर कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर गांव निवासी प्रकाश ने बताया कि बेटी कविता की शादी सात वर्ष पूर्व छिबरामऊ क्षेत्र के ग्राम सुजातनगर निवासी नानकराम के साथ की थी। शादी के दो साल बाद से ही पति व ससुरालीजन कम दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगे। पति के अन्य महिलाओं से अवैध संबंध का विरोध करने पर नौ जुलाई को पति नानकराम, गोविंद मिचकुना, राजकुमारी, सास शशि ने कविता को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। किसी तरह बचकर छत पर पहुंची तो आरोपियों ने छत से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।