हाथरस के जंक्शन थाना क्षेत्र के वीर नगर गांव में आयोजित कबड्डी मैच में हिस्सा ले रहे 40 वर्षीय राजमिस्त्री बबलू के पेट में खेल-खेल में चोट लग गई, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। बृहस्पतिवार को अलीगढ़ के जेएन मेडिकल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
वीर नगर निवासी बबलू पुत्र पूरन सिंह पेशे से राजमिस्त्री थे। सोमवार को गांव में कबड्डी का एक टूर्नामेंट चल रहा था, जिसमें वे खेल रहे थे। इसी दौरान खेल के बीच में उनके पेट में गंभीर चोट आ गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें हाथरस के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बबलू ने दम तोड़ दिया।
अचानक हुए इस हादसे और मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।