यूपी – Bareilly News: सऊदी अरब में रह रहा पति, भाभी पर डोली नीयत तो देवर ने कर दीं हदें पार – INA

बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला ने बताया कि पति सऊदी अरब नौकरी करने चला गया। इसके बाद उसके देवर ने तमंचा दिखाकर उसे धमकाया और दुष्कर्म किया। बिथरी चैनपुर थाने में पीड़ित महिला ने देवर व उसके दोस्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिथरी चैनपुर क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला ने बताया कि उसका पति पांच-छह साल से सऊदी में नौकरी कर रहा है। आरोप लगाया कि उसका देवर उस पर गलत नजर रखता है। बृहस्पतिवार को महिला एक धर्मस्थल पर इबादत के लिए जा रही थी। रास्ते में उसका देवर खड़ा मिल गया।
देवर का दोस्त मुशब्बर भी उसका पास खड़ा था। महिला ने आरोप लगाया कि देवर ने महिला को तमंचा दिखाकर धमकाया और फिर आम के बाग में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसका दोस्त मुशब्बर पहरेदारी करता रहा। बिथरी चैनपुर थाने में दोनों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।