सीजी- CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में दो दिन बाद फिर सक्रिय होगा मानसून, आज से मौसम बदलने के आसार – INA

छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। इससे मध्य हिस्सों में गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में रविवार को बारिश नहीं होने से लोगों को पूरे दिन उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 13 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर तेज हो सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले पांच दिनों तक विशेष रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका फिलहाल श्रीगंगानगर, हिसार, मेरठ, शाहजहांपुर, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर होते हुए दक्षिण असम तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व बिहार के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।