यूपी – Shahjahanpur News: पेड़ से टकराया ट्रक, चालक की मौत, जेसीबी से केबिन तोड़कर निकाला गया शव – INA

शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में बुधवार सुबह खुटार-बंडा मार्ग पर रूरा गांव में गुरुद्वारा के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक पीलीभीत के थाना हजारा क्षेत्र के गांव राना प्रतापनगर कबीरगंज निवासी नसीम अख्तर (53 वर्ष) की केबिन में दबकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसा होने के बाद आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर पहुंच गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक के शव को निकालने का प्रयास किया लेकिन केबिन में शव फंसा होने के कारण नहीं निकल सका। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी को मौके पर मंगवाया। जेसीबी से ट्रक की केबिन को तोड़कर चालक के शव को निकाला। ट्रक में आलू भरकर बदायूं से लखीमपुर खीरी मंडी ले जाया जा रहा था।
ट्रक चालक नसीम की मौत की जानकारी पाकर मां सायरा बानो, पत्नी सरदुंनिशा, पुत्र सुहैल, फैज अली, भाई रियासुद्दीन, शब्बीर अंसारी आदि परिजन रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि चालक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है।