Crime- करनाल में दो लोगों की हत्या की साजिश नाकाम: थार सवार 5 विदेशी पिस्तौलों संग गिरफ्तार, अदालत ने रिमांड पर भेजा -#INA

करनाल में दो लोगों की हत्या की खौफनाक साजिश रचने पहुंचे दो अलग-अलग आपराधिक गिरोहों के पांच बदमाशों को स्पेशल टास्क फोर्स ने धर दबोचा। अदालत ने पुलिस की अर्जी पर सुनवाई करते हुए सभी आरोपियों को रिमांड पर भेज दिया है। दिल्ली निवासी आरोपी अशफाक को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य चार आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। स्पेशल टास्क फोर्स अब रिमांड के दौरान आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करेगी ताकि यह साफ हो सके कि वे किस गिरोह के इशारे पर करनाल में किन दो लोगों की हत्या करने की नीयत से पहुंचे थे।

उचाना के पास घेराबंदी कर दबोचे गए बदमाश

प्रभारी दीपेंद्र राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को पुलिस को इन बदमाशों की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद उचाना के समीप स्थित पृथ्वीराज चौहान चौक के पास नाकाबंदी कर घेराबंदी की गई। इस दौरान एक काले रंग की थार गाड़ी को रुकवाकर उसमें सवार पाँचों बदमाशों को काबू कर लिया गया।

विदेशी हथियारों का जखीरा बरामद

तलाश के दौरान आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए हैं, जिसमें 5 विदेशी ऑटोमैटिक पिस्टल, 14 जिंदा कारतूस व काले रंग की थार वाहन शामिल है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार किए गए बदमाश दो अलग-अलग राज्यों और गैंग से जुड़े हैं:


  • विकास उर्फ विक्की (महेंद्रगढ़, हरियाणा)

  • अशफाक (नई दिल्ली)

  • प्रिंस खरड़िया (राजस्थान)

  • संजय बट्ठ (राजस्थान)

  • गुरलाल (अमृतसर, पंजाब)

एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान बदमाशों के नेटवर्क, उन्हें हथियार मुहैया कराने वाले आकाओं और उनके असल निशाने के बारे में बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Credit By Amar Ujala

Back to top button