UP News: पापा नीचे आ जाओ…, बेटे की पुकार भी नहीं पिघला सकी दिल, सहारनपुर में पानी की टंकी से गिरकर युवक की मौत – INA

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. देहात कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक शराब के नशे में पानी की टंकी पर चढ़ गया. करीब चार घंटे तक पुलिस, स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना. इस दौरान उसका पांच वर्षीय बेटा भी पुलिस के माइक से पिता को बार-बार नीचे आने की गुहार लगाता रहा. आखिरकार युवक टंकी के अंदर पानी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सदर बाजार क्षेत्र की हसनपुर चुंगी निवासी 30 वर्षीय शुभम के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी शिवानी से मिलने कांशीराम कॉलोनी पहुंचा था. बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई. इसके बाद गुस्से में शुभम कॉलोनी की पानी की टंकी पर चढ़ गया और नीचे आने से इनकार कर दिया.

बेटे ने भी लगाई गुहार

घटना की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए लगातार शुभम को समझाने का प्रयास किया. इसी बीच उसके छोटे बेटे को भी माइक दिया गया. मासूम बच्चा बार-बार “पापा नीचे आ जाओ” कहकर पिता को बुलाता रहा. बेटे की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं, लेकिन शुभम टंकी से नीचे नहीं उतरा.

सूचना मिलने पर क्षेत्रीय पार्षद राजकुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया. स्थानीय लोगों का कहना है कि शुभम पहले भी कई बार इसी तरह पानी की टंकी पर चढ़ चुका था, लेकिन हर बार उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया था.

पैर फिसलने से पानी की टंकी में गिरा

शाम के समय अचानक शुभम का संतुलन बिगड़ा और वह टंकी के भीतर पानी में गिर गया. पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पत्नी शिवानी ने बताया कि दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था, जिसका महिला थाने में समझौता हो चुका था. इसके बावजूद शुभम का उनके पास आना-जाना जारी था. उन्होंने बताया की शुभम शराब पीने का आदी था.

पुलिस अधिकारी ने क्या कहा?

ASP मनोज कुमार यादव ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पापा नीचे आ जाओ…, बेटे की पुकार भी नहीं पिघला सकी दिल, सहारनपुर में पानी की टंकी से गिरकर युवक की मौत


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button