यूपी – खाकी की नाकामी: हाथ मलते रह गई संडीला पुलिस, 25-25 हजार के इनामी तीन हत्यारोपियों ने न्यायालय में किया समर्पण – INA

संडीला के चर्चित शिवम जायसवाल हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द करने का दावा कर रही पुलिस हाथ मलते रह गई। तीन आरोपियों ने पुलिस को ठेंगा दिखाते हुए शनिवार शाम न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। एक आरोपी को पुलिस ने घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया था। खास बात यह है कि आत्मसमर्पण करने वाले तीनों आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
बीते 21 जुलाई को संडीला निवासी भट्ठा व्यवसायी शिवम जायसवाल उन्नाव मार्ग पर बाइक से जा रहे थे। ऑटो में सवार होकर आए पांच लोगों ने बाइक से सटाकर उनके पेट में गोली मार दी थी। 23 जुलाई की रात लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में शिवम की मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतक के भाई रिषभ जायसवाल की शिकायत पर सूरज सिंह, शिवा सिंह, पवन सिह, मनसू और साहिल के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया था। पोस्टमार्टम के बाद शव आने पर नगर में माहौल बिगड़ने लगा था।