खबर शहर , Agra: पहले कार से बाइकों में मारी टक्कर, फिर मारपीट, एफआईआर से भी नहीं डरे दबंग; दूसरी रात घर पर बरसाए पत्थर – INA

आगरा के एत्मादपुर  थाना क्षेत्र के गांव भवाईन संवाई रोड पर रविवार देर रात कार सवारों की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार चालक ने लापरवाही से वाहन को बैक करते हुए घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलों में टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

     

पीड़ित सुमित पुत्र सुरेश चंद निवासी भवाईन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार रात करीब 7:40 बजे कार के चालक प्रताप ने तेज व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनके घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल और नई बाइक में टक्कर मार दी। आवाज सुनकर बाहर आए परिजनों ने विरोध किया तो चालक प्रताप और उसका साथी हेमंत गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और भाग निकले।

 

घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने सोमवार को पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रताप और हेमंत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार को जब्त कर लिया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी रात फिर बढ़ा तनाव, घर पर पथराव

मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद भी दबंगों के हौसले कम नहीं हुए। आरोप है कि सोमवार देर रात तीन युवक मोटरसाइकिल से आए और पीड़ित के घर पर ईंट-पत्थरों से पथराव कर दिया। यह घटना भी सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। पथराव के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button