सीजी- CG Weather: छत्तीसगढ़ में अब तक हुई 606 फीसदी बारिश, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सबसे ज्यादा, जानें कैसा रहेगा मौसम – INA

CG Weather: छत्तीसगढ़ में इस साल बारिश की स्थिति काफी बेहतर है। मानसून का प्रदर्शन शानदार है। कुल मिलाकर देखा जाये, तो प्रदेशभर में बारिश की स्थिति संतोषजनक है। एक जून से सात अगस्त की स्थिति में प्रदेश में औसतन 606.4 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह सामान्य औसत वर्षा 612.8 मिलीमीटर का करीब  99 प्रतिशत है। इस अवधि के दौरान औसतन 10.9 मिलीमीटर बारिश हुई है। 

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, विभिन्न जिलों में बारिश की असमान स्थिति भी देखने को मिल रही है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अब तक सबसे ज्यादा बारिश हुई है। यहां सामान्य औसत की तुलना में 187.8 प्रतिशत यानी 872.8 मिलीमीटर वर्षा हुई है। वहीं उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में स्थिति चिंताजनक है, यहां अब तक सामान्य औसत का महज 65.6 प्रतिशत यानी केवल 304.5 मिलीमीटर पानी गिरा है।

मैदानी इलाकों में जमकर बरसे बदरा

क्षेत्रवार स्थिति पर नजर दौड़ायें तो मध्य छत्तीसगढ़ एवं मैदानी इलाकों में मानसूनी बादल जमकर बरसे हैं। राजधानी रायपुर में औसत की तुलना में 126.8 प्रतिशत यानी 648.7 मिलीमीटर बारिश हुई है। बलौदाबाज़ार में 701.8 मिलीमीटर (122.8%), गरियाबंद में 731.8 मिलीमीटर (125.5%), महासमुंद में 771.9 मिलीमीटर (139.4%) और धमतरी में 651.4 मिलीमीटर (110.5%) बारिश के साथ जलस्तर बेहतर है।

यहां पर बारिश और तेज हवायें चलने की संभावना

प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और भारी बारिश हो सकती है। भारी वर्षा का मुख्य क्षेत्र रायगढ़ जिला और उससे लगे जशपुर, सक्ती, कोरबा और सारंगढ़ जिले संभावित हैं। प्रदेश के बाकी स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम और मुंगेली में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इस तरह राजधानी रायपुर में भी 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 

कैसा रहेगा रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर के मौसम की बात करें तो बादल दिनभर घिरे रहेंगे। हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। बादल छाए रहने के बावजूद पर्याप्त बारिश न होने की वजह से उमस भरी गर्मी हो सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान 29.7°C (सामान्य) और न्यूनतम तापमान 27°C दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 32.2°C दर्ज किया गया जबकि पेंड्रा में सबसे कम 22°C तापमान दर्ज किया गया।

यहां देखें संभागवार बारिश की स्थिति


  • बिलासपुर संभाग के जिलों में भी बारिश की स्थिति अच्छी है। जांजगीर-चांपा में अब तक 798.1 मिलीमीटर (126%), सक्ती में 668.8 मिलीमीटर (119.4%), बिलासपुर में 635.4 मिलीमीटर (108.5%) और मुंगेली में 584.8 मिलीमीटर (107.1%) बारिश दर्ज की गई है। वहीं दूसरी ओर गौरेला-पेन्ड्र-मरवाही में 577.4 मिलीमीटर (98.6%), रायगढ़ में 602.9 मिलीमीटर (93.8%) और कोरबा में 618.9 मिलीमीटर (93.4%) वर्षा के साथ आंकड़ा सामान्य के करीब बना हुआ है।

  • दुर्ग संभाग के मैदानी और सीमावर्ती जिलों में मिला-जुला असर देखने को मिला है। बालोद जिले में 686.9 मिलीमीटर (117.6%) और दुर्ग में 504.6 मिलीमीटर (108.4%) वर्षा दर्ज हुई है। हालाँकि संभाग के अन्य जिलों जैसे राजनांदगांव में 517.4 मिलीमीटर (97.5%), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 418.0 मिलीमीटर (94.8%), कबीरधाम में 377.5 मिलीमीटर (81.5%), बेमेतरा में 354.9 मिलीमीटर (77.5%) और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 530.9 मिलीमीटर (73.3%) बारिश हुई है।

  • बस्तर संभाग में नारायणपुर जिला बारिश के मामले में सबसे . रहा। यहां 1008.7 मिलीमीटर बारिश हुई है जो सामान्य का 134.9 प्रतिशत है। दंतेवाड़ा में 758.9 मिलीमीटर (92.6%) और कोंडागांव में 598.6 मिलीमीटर (87.4%) बारिश हुई है। वहीं संभाग के अन्य जिलों जैसे बस्तर में 564.4 मिलीमीटर (74.6%), बीजापुर में 780.4 मिलीमीटर (70.5%), कांकेर में 572.9 मिलीमीटर (69.9%) और सुकमा में 576.9 मिलीमीटर (68.1%) बारिश दर्ज की गई है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button