Crime- लुधियाना में ताबड़तोड़ फायरिंग: युवक को गोलियों से किया छलनी, पुरानी रंजिश में गई हरजिंदर की जान -#INA

लुधियाना में बेखौफ अपराधियों ने एक युवक को मौत के घाट उतार दिया। टिब्बा रोड के अधीन आते स्वतंत्रता नगर में पुरानी रंजिश के चलते कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। लगभग डेढ़ दर्जन राउंड फायरिंग हुई। 

पांच गोलियां लगने के कारण खून से लथपथ हुए युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाते ही पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

स्वतंत्रता नगर में देर रात उस समय चीख-पुकार मच गई जब घात लगाकर आए हमलावरों ने हरजिंदर सिंह को निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो विरोधी गुट से ताल्लुक रखने वाले दर्जनों हमलावर चार पहिया वाहन में सवार होकर आए थे। उन्होंने हरजिंदर को देखते ही चारों तरफ से घेर लिया और संभलने का मौका दिए बिना अंधाधुंध गोलियां दागनी शुरू कर दीं। 

गोलियों के तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठा और दहशत के मारे आसपास के लोग अपने घरों में दुबक गए। वारदात को अंजाम देकर हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से रफूचक्कर हो गए। गंभीर अवस्था में लथपथ हरजिंदर को परिजन तुरंत सीएमसी अस्पताल लेकर भागे, जहां चिकित्सकों ने उसे परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

वारदात की जानकारी मिलते ही थाना टिब्बा की पुलिस और उच्च पुलिस अधिकारी दलबल के साथ क्राइम सीन पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कारतूसों के खोखे कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास की दुकानों व मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की गाड़ियों के नंबर और पहचान का सुराग लग सके। 

पुलिस प्रशासन का दावा है कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ कत्ल का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

Credit By Amar Ujala

Back to top button