खबर शहर , Agra News: सट्टा खिलवाने की शिकायत पर युवती को बीच सड़क पीटा – INA

आगरा। जगदीशपुरा थाना के अलकापुरी चौकी क्षेत्र में घर में जुआ और सट्टा कराने की शिकायत करना युवती को भारी पड़ गया। आरोपियों ने युवती को रास्ते में रोककर बुरी तरह पिटाई कर डाली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पांच पर प्राथमिकी दर्ज की है।

पीड़िता ने बताया कि माता-पिता नहीं हैं। बड़ी बहन घरों में काम कर घर चलाती है। मंगलवार को वह मारुति स्टेट चौराहे पर छोटे भाई के साथ सामान लेने गई थी। इसी दौरान रास्ते में जगदीशपुरा के काला महल निवासी संजय, सुमन, कविता, प्रदीप और सोनू कार से आए। उनको रोक कर गाली गलौज शुरू कर दी। सट्टा बंद करवाने की शिकायत पर धमकाया और पीटने लगे। संजय ने पेट पर लात मारी। महिलाओं ने लात-घूंसों से पीटा। कार में बिठाकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। भीड़ ने उन्हें बचाया। घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है। राहगीराें ने भी मारपीट के वीडियो बनाए हैं,जो वायरल हुए हैं। आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री तक शिकायत करने जाएंगी।

मामले में एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आराेपी भाग गए थे। तहरीर के आधार पर पांच पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। युवती का मेडिकल कराया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button