खबर शहर , UP: एसएमएस का आइडिया कर गया काम, नगर निगम के खाते में जमा हुए 21 करोड़ रुपये; गृहकर में छूट का मिला लाभ – INA

आगरा नगर निगम ने गृहकर जमा करने के लिए संपत्ति स्वामियों को डिमांड बिल भेजे। इस पर 70 हजार से ज्यादा लोगों की ओर से 21 करोड़ रुपये का टैक्स अब तक जमा कराया जा चुका है। 30 सितंबर तक गृहकर जमा करने पर 10 फीसदी की छूट का फायदा भी लोग उठा सकते हैं।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए 150 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है। करदाताओं की सुविधा के लिए भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाया है। जिन भवन स्वामियों को बिल का एसएमएस प्राप्त हुआ है, वे उस संदेश के आधार पर अथवा अपने पुराने गृहकर बिल को दिखाकर भी भुगतान कर सकते हैं।
इसके लिए अलग से किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। निगम के चारों जोन में मौजूद कैश काउंटर पर बिल जमा कर सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देते हुए नगर निगम पोर्टल, पेटीएम तथा अन्य ऑनलाइन माध्यमों से भी टैक्स जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।