आगरा। एसआर एंटरप्राइजेज ने अपने फ्लीट इंचार्ज हर्षित यादव पर करीब 12 लाख रुपये से अधिक की चोरी, धोखाधड़ी और गबन का आरोप लगाया है। कंपनी की ओर से इस संबंध में जगदीशपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कंपनी के शिव सिंह ने शिकायत में बताया कि हर्षित कई दिनों से बिना सूचना कार्यालय नहीं आ रहा था। उस पर फास्टैग रिचार्ज, खर्चे, कैमरा कमीशन और जीपीएस मद में कुल 11.80 लाख रुपये का हिसाब न देने का आरोप है। चोरी पकड़े जाने की भनक लगते ही हर्षित ने कार्यालय आना बंद कर दिया। बाद में वह कंपनी का लैपटॉप देकर चला गया, जिससे महत्वपूर्ण दस्तावेज कॉपी कर हटाए जाने का आरोप है। कंपनी का फ्यूल कार्ड भी गायब है, जिसका निजी इस्तेमाल सीसीटीवी फुटेज में सामने आया। कंपनी ने हिसाब मांगने पर हर्षित ने धमकी दी। उसने कंपनी और परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दीं। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।