खबर शहर , UP: कांवड़ियों पर बुलडोजर से बरसाए गए फूल, पुलिस ने बांटे फल; शिवभक्तों के स्वागत की ये तस्वीर जीत लेगी दिल – INA

कासगंज में सावन मास के तीसरे सोमवार को सिढ़पुरा में भक्ति और सौहार्द का अनूठा नजारा देखने को मिला। विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवड़ियों का पुलिस और नगर पंचायत प्रशासन ने गर्मजोशी से स्वागत किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने बुलडोजर पर चढ़कर शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की, जिससे पूरा माहौल ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंज उठा।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वागत शिविर लगाया गया था। पुष्पवर्षा के साथ-साथ अधिकारियों ने कांवड़ियों को फल, जल और जलपान सामग्री का वितरण किया। लंबी पैदल यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं ने इस आत्मीय स्वागत के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
यात्रा के दौरान सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा, जिससे सभी शिवभक्त बिना किसी असुविधा के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।