UP News: मुंह में ठूंसा तौलिया, चेहरे पर चोट के निशान… मां की मौत पर IPS आशुतोष मिश्रा ने उठाए सवाल, बोले- ‘मुझे नहीं मिला कोई जेवर’ – INA

Ambedkarnagar News: अंबेडकरनगर में मां की मौत को लेकर IPS आशुतोष मिश्रा का बयान सामने आया है. उन्होंने जेवर बरामदगी को लेकर फैलाई जा रही खबरों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि हत्या की झूठी कहानी और अफवाहों का खंडन पुलिस को करना चाहिए, लेकिन उन्हें खुद सफाई देनी पड़ रही है. आशुतोष मिश्रा के मुताबिक, उनकी मां इंद्रा के मुंह में तौलिया ठूंसा हुआ था और चेहरे पर चोट व खून के निशान भी मिले थे.
IPS आशुतोष मिश्रा ने जांच को लेकर अपने वरिष्ठ अधिकारियों, ADG और DIG पर भरोसा जताया है. उनका कहना है कि जांच में एक-दो महीने लग जाएं, लेकिन किसी निर्दोष को नहीं फंसाया जाना चाहिए. बता दें कि 16 अगस्त को मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव स्थित घर में उनकी मां इंद्रा का शव मिला था. मामले में मालीपुर थाने में हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है.
घर में संदिग्ध हालात में मिली थीं IPS की मां
बता दें कि यूपी पुलिस मुख्यालय लखनऊ में तैनात IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था. वह अंबेडकरनगर स्थित अपने घर में रहती थीं. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. शुरुआत में आशंका जताई गई कि बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी और उनके गहने लूट लिए. इस सूचना के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया और पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए.
ये भी पढ़ें- IPS आशुतोष मिश्रा की मां की मौत के कारणों पर सस्पेंस, पोस्टमार्टम में नहीं खुला राज; अब विसरा जांच पर टिकी नजरें
IPS ने जताई हत्या की आशंका
मामले में IPS आशुतोष मिश्रा ने भी अपनी मां की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई थी. उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी मां के मुंह से खून निकला था और मुंह में तौलिया ठुंसा हुआ था. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी मां के कुछ गहने गायब हैं. आशुतोष मिश्रा ने अब गहने बरामद होने की खबर को गलत बताया है. उनका कहना है कि गहने बरामद होने की फर्जी सूचना फैलाई जा रही है. उन्हें कोई गहना बरामद होने की जानकारी नहीं मिली है.
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि नहीं
वहीं अंबेडकरनगर की एसपी प्राची सिंह के मुताबिक, मामले में तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया. पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई. रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम में मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है. कार्डियक अरेस्ट की आशंका को देखते हुए मृतका के हृदय को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजा जा रहा है. साथ ही विसरा भी सुरक्षित रखा गया है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा.
पहले चाचा ने दी थी हार्ट अटैक से मौत की सूचना
एसपी प्राची सिंह ने बताया कि शुरुआत में IPS आशुतोष मिश्रा के चाचा रमेश चंद्र मिश्रा ने मालीपुर थाने में सूचना दी थी कि इंद्रावती मिश्रा की मौत हार्ट अटैक से हुई है. इसके बाद IPS की ओर से हत्या की आशंका जताई गई. हत्या की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले की जांच का रुख बदल गया है.
मुंह में ठूंसा तौलिया, चेहरे पर चोट के निशान… मां की मौत पर IPS आशुतोष मिश्रा ने उठाए सवाल, बोले- ‘मुझे नहीं मिला कोई जेवर’
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,