खबर शहर , Agra News: वेतन में कटाैती से टोल कर्मचारी नाराज, एचआर पर अभद्रता का आरोप – INA

फतेहाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे स्थित टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों ने वेतन में कटौती और एचआर द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया, कर्मचारी शिकायत करने थाने पहुंचे और एक शिकायती पत्र सौंपा गया है। कर्मचारियों ने टोल प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए जल्द समाधान न होने पर अनशन की चेतावनी दी है।
मंगलवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के टोल कर्मचारी थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि एक्सप्रेस-वे की टोल प्रबंधन कंपनी श्री साईं एंड दातार की ओर से वेतन में की गई कटौती के मामले में टोल प्लाजा पर एचआर से बात करने गए थे। कर्मचारियों का आरोप है कि एचआर ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। कर्मचारियों से अभद्रता की। कहा कि कंपनी की नीति यही है, वेतन इसी तरह मिलेगा। काम करना है तो करो, वरना नौकरी छोड़कर चले जाओ। कर्मचारियों ने जल्द समस्या निस्तारण की मांग की है। समस्या का निराकरण न होने पर अनशन की चेतावनी दी है।
कर्मचारियों के साथ वार्ता हुई है। उन्हें बताया गया है कि पहले अतिरिक्त काम करने का पैसा वेतन में जुड़कर आता था। छुट्टियां नहीं मिलती थीं। अब कर्मचारियों से अतिरिक्त काम नहीं लिया जा रहा है। काम के हिसाब से वेतन का भुगतान किया जा रहा है।
-प्रमोद धनगर टोल प्रबंधक आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे