खबर शहर , रिश्तेदार निकले धोखेबाज: चिकित्सक को फर्जी दस्तावेजों से दिलाई जमीन, 50 लाख रुपये हड़पे; FIR हुई दर्ज – INA

आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र के राधेश्याम नगर निवासी एक महिला ने अपने ही रिश्तेदारों पर जमीन का सौदा कराने के नाम पर फर्जीवाड़ा कर करीब 50 लाख रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर छह आरोपियों पर सिरसागंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

ऊषा यादव ने बताया कि उनके पति डॉ. एमपी यादव आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सक हैं। रिश्तेदार उमेश, राजकुमार, संजय, विजय, अजय उर्फ लक्की तथा तेजश उर्फ वीकेश निवासीगण नगला धीर, थाना सिरसागंज उनके पास आए और अफजलपुर इमलिया स्थित अपनी जमीन बेचने का प्रस्ताव रखा।

सौदा तय होने पर पति ने बैनामे के समय 12.50 लाख नकद दिए तथा शेष 37.50 लाख आरटीजीएस के माध्यम से हस्तांतरित कर दिए। आरोप है कि आरोपियों ने असली भूस्वामी राजेंद्र सिंह के स्थान पर किसी अन्य फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज के आधार पर रजिस्ट्री व बैनामा करा लिया।

रकम ऐंठने के बाद जब पीड़िता के पति खेत का कब्जा लेने और देखने पहुंचे, तो आरोपियों ने जमीन बेचने से साफ इन्कार कर दिया। जब पूछताछ व छानबीन की, तब उन्हें पूरे फर्जीवाड़े और ठगी का पता चला। उन्होंने घटना की लिखित शिकायत सिरसागंज थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की थी लेकिन कोई सुनवाई न होने पर उन्हें कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब अदालत के आदेश पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button